ऊना : जिला ऊना में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस की SIU टीम ने भरवाई के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 3.462 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 31 अक्टूबर 2026 की देर रात SIU ऊना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने शिव मंदिर भरवाई के नजदीक नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल चालक चंद्रमोहन शर्मा निवासी वार्ड नंबर-1, मरवाड़ी, तहसील घनारी, जिला ऊना के पिट्ठू बैग से 3.462 किलोग्राम चरस/कैनाविस और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।
मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति राहुल निवासी बबेहड़, तहसील घनारी, जिला ऊना था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया है।
पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मामले का आगामी अन्वेषण जारी है।
जिला पुलिस ऊना ने लोगों से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

