नाहन : सिरमौर पुलिस की पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने वर्ष 2018 के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को हरियाणा के जींद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार थाना माजरा में वर्ष 2018 में भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 के तहत दर्ज केस में वांछित आरोपी राजेश शर्मा पुत्र स्वर्गीय मोहिंदर पाल निवासी सुनरा वाली गली, नरवाना (हरियाणा) लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पीओ सेल ने लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाते हुए हरियाणा के जींद से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिरमौर लाया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना माजरा में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
