सराहां : सिरमौर जिले के पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन से 119 टिन बिरोजा बरामद किया है। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त को गश्त के दौरान कांगर घाट से आगे धरयार कैंची के समीप पुलिस टीम ने पिकअप वाहन (एचपी-71-4518) को जांच के लिए रोका। वाहन के डाले में नीली तिरपाल के नीचे संदिग्ध सामान ढका हुआ था।
पूछताछ के दौरान चालक ने अपनी पहचान सर्वेश ठाकुर निवासी गांव बन्नो, डाकघर शाडिया, तहसील पच्छाद के रूप में बताई। वाहन में उसके साथ रोबिन निवासी गांव कथेड़, डाकघर मल्होटी, तहसील पच्छाद भी सवार था।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बिरोजा के कुल 119 टिन लोड पाए गए। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से बिरोजा के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसके बाद पुलिस थाना पच्छाद में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
