बीबीएन : बद्दी पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लोधीमाजरा स्थित एक उद्योग से एल्युमिनियम फॉयल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी गया सारा सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर जब्त कर ली गई है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि 1 अगस्त 2026 को थाना मानपुरा में लोधीमाजरा स्थित एक उद्योग से करीब 1.54 लाख रुपये मूल्य की एल्युमिनियम फॉयल चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार निवासी गांव मानपुरा, डाकघर लोधीमाजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन और मोहम्मद रफीक निवासी गांव पगुपुरा, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को 3 अगस्त को नालागढ़ की अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि उनका किसी अन्य आपराधिक वारदात से भी संबंध है या नहीं। मामले की जांच जारी है।
