नाहन : आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से जिला सिरमौर पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस अब तक करीब ₹1 करोड़ मूल्य के 829 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असल मालिकों को वापस सौंप चुकी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि CEIR पोर्टल शुरू होने के बाद से अब तक जिले में कुल 829 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1 करोड़ है। यह पहल न केवल लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने में सफल रही है, बल्कि मोबाइल फोन के दुरुपयोग पर भी प्रभावी अंकुश लगा रही है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से 5 अगस्त 2026 के बीच 18 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए हैं।
एसपी ने बताया कि इस अभियान में साइबर कमांडो कांस्टेबल प्रदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे CEIR पोर्टल की लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण करते हैं। इसके बाद जिले के सभी पुलिस थानों के नोडल अधिकारी ट्रेस हुए मोबाइल की जांच कर उन्हें बरामद कर वास्तविक मालिकों तक पहुंचाते हैं।
जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल ब्लॉक कराएं। समय पर मोबाइल ब्लॉक करने से उसके दुरुपयोग को रोका जा सकता है और बरामद होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
पुलिस ने नागरिकों से अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने की भी अपील की है। IMEI नंबर *#06# डायल करके या मोबाइल के डिब्बे या खरीद रसीद से भी प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही बिना IMEI और स्वामित्व का सत्यापन किए सेकेंड हैंड मोबाइल फोन खरीदने से भी बचने की सलाह दी गई है।
