धौलाकुआं : नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) सिरमौर, धौलाकुआं का दौरा कर किसानों के हित में चलाए जा रहे प्रशिक्षण और प्रसार कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने केंद्र की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और कृषि क्षेत्र में किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया।
कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचने पर अजय सोलंकी ने किसानों के लिए किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यों, वैज्ञानिक सलाह और आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रसार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र द्वारा जिले के किसानों तक नवीन कृषि तकनीक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की तथा कृषि एवं किसान विकास से जुड़ी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देने पर बल दिया।
इस दौरान विधायक ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में चंदन का पौधा भी रोपा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने परिसर के हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया।
दौरे के दौरान अजय सोलंकी ने स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही उनके निवारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक सलाह और नवीन पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध करवाकर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जाने चाहिए।
कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर की ओर से विधायक अजय सोलंकी का स्वागत किया गया और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर के प्रभारी एवं पर्वतीय कृषि अनुसंधान एवं प्रसार केंद्र धौलाकुआं के सह-निदेशक डॉ. पंकज मित्तल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
