होमHimachalChambaछात्रा ने बताई स्कूल में कमरों की कमी, CM सुक्खू ने तुरंत...

छात्रा ने बताई स्कूल में कमरों की कमी, CM सुक्खू ने तुरंत की ₹2 करोड़ देने की घोषणा; चंबा में बच्चों से किया सीधा संवाद

मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से भी प्रत्येक विद्यार्थी से मिले और उनसे पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं।

चंबा : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिला के अपने चार दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन शुक्रवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैहला ग्राम पंचायत में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मैहला के बच्चों के साथ संवाद किया। वह व्यक्तिगत रूप से भी प्रत्येक विद्यार्थी से मिले और उनसे पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं।

संवाद के दौरान बारहवीं कक्षा के छात्र चाणक्य ने मुख्यमंत्री से जानना चाहा कि उन्हें राजनीति में आने की प्रेरणा कैसे मिली, जिस पर सुक्खू ने कहा कि छात्रकाल से ही उनमें नेतृत्व करने की भावना थी।

ये भी पढ़ें:  तकनीकी शिक्षा मंत्री ने संस्कृत महाविद्यालय डंगार में ई-लर्निंग स्टेशन का किया शुभारंभ

उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी के प्रति उनका कोई लगाव नहीं था। वह कक्षा प्रतिनिधि से मुख्यमंत्री के पद पर पहुंचे हैं। कॉलेज और विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जीतने के बाद राजनीति की ओर रुझान बढ़ा और इसके बाद नगर निगम पार्षद तथा चार बार विधायक बने।

दसवीं कक्षा की छात्रा सुहानी ने मुख्यमंत्री से अपने विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं होने का उल्लेख करते हुए अतिरिक्त कमरों के निर्माण का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए तुरंत दो करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि मैहला स्कूल को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल बनाया जाना है। इसलिए स्कूल के नए भवन के लिए भूमि आवंटित की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी लगन, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को मूल मंत्र के रूप में प्रयोग करें।

ये भी पढ़ें:  अंडर-19 छात्रा फुटबॉल टीम का कोचिंग कैंप सोलन में संपन्न, पहली बार नेशनल खेलेगी हिमाचल की टीम, वीरेंद्र शर्मा होंगे चीफ डी मिशन

चौथी कक्षा की छात्रा ने मुख्यमंत्री से सवाल पूछा कि अपने जीवन में उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरणा किससे मिली, जिस पर उन्होंने कहा कि उनकी माताजी उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा रहीं हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के भी विस्तार से जवाब दिए।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान चंबा जिला के तीसा, भटियात और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उन्होंने 656 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

ये भी पढ़ें:  आउटसोर्स व कम वेतनभोगी कर्मियों के लिए ठोस नीति बनाने पर सरकार कर रही विचार: खाची
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More