ऊना : जिला ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 13.07 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।
पहला मामला पुराना बस अड्डा ऊना का है। पुलिस के अनुसार 6 सितंबर की शाम पुलिस चौकी शहर ऊना के एएसआई प्यार चंद के नेतृत्व में टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने पुराना बस अड्डा के समीप एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में छिपाकर रखा 11.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
इस मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक कुलवंत सिंह उर्फ गोशा और उसके साथी मनप्रीत उर्फ लवली, दोनों निवासी गांव हरमा, डाकघर नैणवां, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि दूसरी कार्रवाई गगरेट क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार पुलिस थाना गगरेट के एसआई राजिंद्र पाल के नेतृत्व में टीम 6 सितंबर की शाम गश्त पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर बड़ोह से पांवड़ा रोड भट्ठियांवाला के पास एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल में छिपाकर रखा 1.50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपियों की पहचान मोटरसाइकिल चालक निपुन चौहान निवासी वार्ड नंबर तीन, इंदिरा नगर, एनएसी गगरेट और रजत कुमार निवासी वार्ड नंबर एक, बड़ोह, तहसील घनारी, जिला ऊना के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशा आरोपियों तक कहां से पहुंचा और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की आगामी जांच जारी है।
