संगड़ाह : सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल की लाना चेता पंचायत के घेवना गांव से लापता पांच वर्षीय बच्ची आर्या का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बच्ची रविवार शाम करीब चार बजे घर के आंगन से लापता हुई थी। सोमवार को पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने जंगल, नालों और आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। बच्ची की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है।
जानकारी के अनुसार आर्या पुत्री विपिन कुमार रविवार शाम करीब चार बजे घर के आंगन में थी, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसी समय आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया।
सोमवार को तलाशी अभियान में पुलिस कर्मियों के साथ नायब तहसीलदार नौहराधार भी शामिल हुए। ग्रामीण भी लगातार जंगल, रास्तों और नालों में बच्ची की तलाश कर रहे हैं। पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर ने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से भी बच्ची को ढूंढने के लिए पूरा सहयोग किया जा रहा है।
घर के नजदीक खड्ड होने के कारण बच्ची के पानी के बहाव में बहने की आशंका भी जताई जा रही है। बरसात के चलते खड्ड में पानी का बहाव तेज है। इसी आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने खड्ड में विशेष रूप से तलाशी अभियान चलाया। अब एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद तलाशी अभियान को और व्यापक किया जाएगा।
बच्ची के लापता होने के 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद उसका कोई सुराग न मिलने से परिजन और ग्रामीण चिंतित हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें संभावित स्थानों पर तलाश में जुटी हुई हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें।
