डगशाई : हिमाचल के प्रतिष्ठित डगशाई पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच सीनियर छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि सीनियर्स पिछले करीब चार महीने से जूनियर्स को परेशान, धमका और उनके साथ मारपीट कर रहे थे।
शिकायत के अनुसार, पांच सितंबर को सीनियर्स छात्रों ने नौवीं कक्षा के एक छात्र को हॉस्टल के कमरे से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें मारपीट और कथित तौर पर गाली-गलौज की आवाज सुनाई दे रही है। पुलिस वीडियो और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सीनियर छात्र लंबे समय से जूनियर विद्यार्थियों के साथ रैगिंग, धमकाने, मारपीट और गाली-गलौज कर रहे थे। शिकायत में कुछ छात्रों पर हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस चौकी डगशाई के प्रभारी एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
मामला सामने आने के बाद सोमवार को पीड़ित छात्र के परिजनों समेत बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हॉस्टल में विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था पर सवाल उठाए। अभिभावकों ने आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
अभिभावकों ने स्कूल में हाल में हुए प्रशासनिक बदलावों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि नए प्रिंसिपल के आने के बाद हॉस्टल का माहौल खराब हुआ है और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। अभिभावकों ने मांग की है कि मामले में आरोपी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और हॉस्टल में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उधर, एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि डीपीएस डगशाई में नौवीं कक्षा के छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट के आरोप में पुलिस ने पांच वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तलविंदर मानेस व अन्य की संयुक्त शिकायत पर यह मामला दर्ज किया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पांच सितंबर को डीपीएस डगशाई के पांच सीनियर छात्रों ने नौवीं कक्षा के एक छात्र को उसके हॉस्टल कमरे से जबरन बाहर खींचा और उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि उक्त छात्र पिछले करीब चार महीने से जूनियर विद्यार्थियों को रैगिंग, धमकाने, शारीरिक मारपीट और गाली-गलौज के जरिए परेशान कर रहे थे। साथ ही, उनके पास हथियार होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चौकी डगशाई के प्रभारी एसआई राजेश कुमार मामले की आगामी जांच कर रहे हैं। पुलिस शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है।
