पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के भूपपुर खेड़ा मंदिर के समीप तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में पैदल चल रहा व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गत रात अमन पाण्डे निवासी शमशेरपुर, पांवटा साहिब स्कूटी से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भूपपुर खेड़ा मंदिर के पास उनके आगे चल रही कार नंबर CH03Z-6951 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पार कर रहे राम कुमार को टक्कर मार दी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि हादसे में राम कुमार घायल हो गए। कार चालक चिराग और शिकायतकर्ता अमन पाण्डे ने घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में कार चालक चिराग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
