ऊना : जिला ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में कुल 4 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इन मामलों में पुलिस ने छह युवकों को काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पहली कार्रवाई पुलिस थाना हरोली की टीम ने श्यामपुरा के नजदीक जीरा फूड फैक्ट्री के पास नाकाबंदी और यातायात चेकिंग के दौरान की। एसआई राज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार राजन निवासी दुलैहड़ और उसके पीछे बैठे रोहित निवासी सिंगा की तलाशी ली। इस दौरान दोनों के कब्जे से 2 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में गश्त के दौरान की। पुलिस को पंजाब नंबर की एक टैक्सी में मुनीष कुमार उर्फ मनु निवासी रक्कड़, कांगड़ा, युधवीर सिंह निवासी चौली और राहुल शर्मा निवासी चौली बैठे मिले। वाहन की जांच के दौरान मुनीष कुमार के पैरों के पास से 0.88 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। मौके से जला हुआ 20 रुपये का नोट, सिल्वर फॉयल पेपर और लाइटर भी बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि तीसरी कार्रवाई पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने देर रात देहलां में गुरुद्वारा धना भगत के नजदीक गश्त और यातायात चेकिंग के दौरान की। एएसआई गुरदास राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूटी सवार गुलजारी लाल निवासी ऊना को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
एसपी ने बताया कि तीनों मामलों में कुल छह आरोपियों को काबू किया गया है। पुलिस सभी मामलों में नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच कर रही है। नशे के सेवन और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
