शिलाई : जिला सिरमौर के पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत नैनीधार में घास लेने जंगल जा रहे 57 वर्षीय व्यक्ति की पगडंडी पर गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जगत सिंह पुत्र स्वर्गीय बेसु राम, निवासी गांव व डाकघर नैनीधार, तहसील शिलाई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शिलाई से थाना में सूचना मिली कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। शवगृह में मृतक की पहचान जगत सिंह के रूप में हुई। मौके पर मृतक का भाई लाल सिंह और भतीजा विनोद कुमार मौजूद थे।
भतीजे विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 6 बजे वह घास लेने जंगल जा रहे थे। इसी दौरान पगडंडी पर उनके चाचा जगत सिंह सिर के बल गिरे हुए मिले। उनके सिर पर चोट लगी थी और वह बात नहीं कर रहे थे। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए CHC शिलाई लाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो शरीर के ऊपरी हिस्से पर चोट के निशान पाए गए। परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया और मृत्यु गिरने के कारण होने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए मृतक के भाई लाल सिंह को सौंप दिया है।
