होमHimachalSirmaur‘मंत्रियों से ज्यादा कैबिनेट मित्र’, जयराम का सुक्खू सरकार पर तंज; बोले-...

‘मंत्रियों से ज्यादा कैबिनेट मित्र’, जयराम का सुक्खू सरकार पर तंज; बोले- दिल्ली के चक्कर काट रहे कांग्रेस के धड़े

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को पांवटा साहिब में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में शामिल हुए।

पांवटा साहिब : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को पांवटा साहिब में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज के चुनाव में प्रदेशवासियों ने कमल के फूल और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भरपूर प्यार और वोट दिया है।

प्रदेश में अब तक हुए 11 जिला परिषद चुनावों में से 10 में भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। पांवटा साहिब में 95% से ज्यादा भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। यह प्रदेशवासियों का भाजपा और नरेंद्र मोदी की नीति और नीयत पर भरोसा है। उन्होंने भाजपा को भरपूर सहयोग देने के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय के चुनाव के परिणाम देखकर मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के सभी मंत्री और विधायक विचलित हैं।

ये भी पढ़ें:  किशाऊ डैम पर जयराम का सुक्खू सरकार को जवाब; बोले- मोदी-शाह ने सुलझाए विवाद, तभी आसान हुई परियोजना की राह

इन चुनावों में अपने ही घर में बुरी तरह हारने वाले मुख्यमंत्री अपने लिए विधानसभा चुनाव में सुरक्षित सीट की तलाश कर रहे हैं। पंचायती राज में मिली करारी हार के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू की अपनी कुर्सी भी डामाडोल हुई है। कांग्रेस के विधायक और बाकी धड़े दिल्ली जाकर हार का ठीकरा उनके सिर फोड़कर उन्हें हटाने की पूरी कोशिश भी कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते उन्होंने पांवटा साहिब में स्थानीय विधायक और आम जनता की मांग पर अनेकों संस्थान खोले, जिससे लोगों को लाभ मिल सके। सत्ता में आते ही व्यवस्था परिवर्तन की सरकार चलाने वाले सुक्खू ने प्रदेश भर में ढाई हजार से ज्यादा संस्थान बंद कर दिए।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में क्रस्ना लैब की टेस्ट सेवाएं बंद, राकेश जम्वाल बोले- ₹110 करोड़ का भुगतान अटका, मरीज परेशान

उन्होंने कहा कि जब हमने दायित्व संभाला तो पहली ही कैबिनेट में वृद्धावस्था पेंशन के लिए आय सीमा और आयु सीमा घटाने का फैसला किया। सुख की सरकार ने फैसला किया कि डेढ़ हजार से ज्यादा चले हुए स्कूल, अस्पताल, डिस्पेंसरी आदि को बंद कर देंगे।

कांग्रेस के नेता किसी भी विधानसभा क्षेत्र में अपने किए हुए चार नए काम नहीं दिखा सकते, जबकि हम उन्हें हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा बंद किए गए पचासों संस्थान दिखा सकते हैं। यही भारतीय जनता पार्टी और व्यवस्था परिवर्तन की सरकार के मॉडल में फर्क है। वह सुविधा छीनना जानते हैं और हम सुविधाएं देना। हम हिम सहारा, गृहिणी, शगुन जैसी योजनाएं चलाते हैं और सुक्खू साजिशें रचकर ऐसी सुविधाएं बंद करते हैं।

ये भी पढ़ें:  नैना टिक्कर में आग की भेंट चढ़ी दुकान, लाखों के नुकसान का अनुमान

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय के चुनावों में हुए परिणामों के माध्यम से प्रदेशवासियों ने साफ संदेश भी दे दिया है। मुख्यमंत्री को ये एहसास पहले ही था, इसीलिए वह इन चुनाव से भाग रहे थे।

कार्यक्रम में शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, सिरमौर जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर समेत अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग भारी संख्या में मौजूद रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More