होमHimachalSirmaurHRTC के नाहन डिपो में 11 बसों के थमे पहिये... कई रूट...

HRTC के नाहन डिपो में 11 बसों के थमे पहिये… कई रूट प्रभावित होने के कगार पर, यात्रियों की बढ़ सकती है परेशानी, जानें क्या है वजह

बस सेवाएं प्रभावित होने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, के साथ साथ नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।

नाहन : हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के नाहन डिपो में टायरों की भारी कमी के चलते बसों के पहिए थमने लगे हैं। टायर न मिलने के कारण पिछले तीन दिन से 11 बसें खड़ी हैं। इसके चलते बस रूटों के प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।

जानकारी मिल रही है कि फिलहाल कुछ रूटों को क्लब करके चलाया जा रहा है। कुछेक रूटों पर सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। टायरों की किल्लत यदि जल्द दूर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कई रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे यात्रियों समेत स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के साथ साथ नौकरीपेशा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

उल्लेखनीय है कि कभी एचआरटीसी का कमाऊ पूत कहलाने वाला सिरमौर जिले का एकमात्र नाहन डिपो पिछले कुछ समय से बदहाली के दौर से जूझ रहा है। कभी डीजल की कमी तो कभी स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध न होने के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है।

ये भी पढ़ें:  87 एनएसएस स्वयंसेवियों को मिले प्रमाणपत्र, 20880 घंटे के श्रमदान से पेश की समाज सेवा की मिसाल

स्थिति यह है कि हर रोज करीब 10 से 15 बसें मरम्मत के लिए वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं। यही नहीं आए दिन किसी न किसी रूट पर बस के खराब होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। अब टायरों की कमी ने समस्या को और गंभीर कर दिया है।

टायरों की कमी से और रूट बंद होने का खतरा
डिपो में पिछले एक सप्ताह से टायरों की कमी बनी हुई है। इसके चलते कई बसें आधे रूटों पर भेजी जा रही हैं। एक-दो रूट सस्पेंड भी हो रहे हैं। बताया ये भी जा रहा है कि अभी 8 के करीब रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। यदि जल्द टायर उपलब्ध नहीं हुए तो आने वाले दिनों में बस सेवाएं और प्रभावित हो सकती हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में दर्दनाक हादसा: शव लेकर जा रही बोलेरो कैंपर जीप गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत; 9 घायल, इलाके में शोक की लहर

पहले से बंद रूटों के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, क्लब किए गए रूटों पर बसों की उपलब्धता और समय-सारणी के अनुसार यात्रियों को सफर की योजना बनानी पड़ रही है।

ई-डिपो बनाने की घोषणा के बाद भी बसों की कमी
प्रदेश सरकार ने नाहन डिपो को ई-डिपो बनाने की घोषणा की थी। इसके तहत डिपो को 25 इलेक्ट्रिक बसें मिली थीं, लेकिन बाद में इनमें से 10 बसें वापस लेकर प्रदेश के अन्य डिपो को भेज दी गईं। इसके अलावा डीजल की 7 बसें भी सरकार ने दूसरे डिपो को भेजी हैं। यानी कुल 17 बसें नाहन से दूसरे डिपो को भेजी गई हैं। इसके बाद नाहन डिपो में बसों की कमी फिर बढ़ गई है। अब टायरों की किल्लत के कारण उपलब्ध बसों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।

ये भी पढ़ें:  राष्ट्रीय और राज्य स्तर के खिलाड़ियों को मिली स्पोर्ट्स किट, एसडीएम द्विज गोयल ने किया सम्मानित

टायर मिलते ही बहाल होंगे रूट : रामदयाल
नाहन डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक रामदयाल ने टायरों की कमी के चलते बसें खड़ी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टायर की कमी से 11 बसें खड़ी हैं। टायर उपलब्ध होते ही सभी प्रभावित रूट बहाल कर दिए जाएंगे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More