होमHimachalहरियाणा-उत्तराखंड में फोरलेन पर सफर मजेदार...हिमाचल में घुसते ही नेशनल हाईवे के...

हरियाणा-उत्तराखंड में फोरलेन पर सफर मजेदार…हिमाचल में घुसते ही नेशनल हाईवे के गड्ढे दे रहे झटके पे झटके, आखिर कौन जिम्मेदार?

कालाअंब से पांवटा साहिब तक एनएच-07 के करीब 60 किलोमीटर हिस्से में गड्ढे वाहन चालकों का कड़ा इम्तिहान ले रहे हैं।

कालाअंब : कालाअंब से पांवटा साहिब तक एनएच-07 के करीब 60 किलोमीटर हिस्से में गड्ढे वाहन चालकों का कड़ा इम्तिहान ले रहे हैं। हरियाणा और उत्तराखंड में फोरलेन पर सफर सुगम है, लेकिन हिमाचल में इस हाईवे की खस्ताहालत लोगों को झटके पे झटका दे रहा है।

इसके पीछे वजह ये है कि ये सड़क मोर्थ से एनएचएआई को ट्रांसफर तो हो गई, लेकिन टेकओवर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। लिहाजा, वाहन चालक भारी परेशानी झेल रहे हैं। रोजाना इस सड़क पर सफर करने वाहन कंडम होने लगे हैं तो वहीं दो पहिया वाहन चालकों की गड्ढों में कमर दुखने लगी है।

अंदाजा लगाया जा सकता है कि मेडिकल कालेज नाहन और सिरमौर के दूसरे अस्पतालों से पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर होने वाले मरीजों की हालत इस सड़क पर कितनी दुखदायी हो सकती है। बड़ा सवाल यह है कि जिस हाईवे से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, उसकी बदहाली के बीच मरम्मत की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

ये भी पढ़ें:  नाहन-पांवटा साहिब में बढ़ेगा विकास का दायरा, विधायक अजय सोलंकी को मिली अहम जिम्मेदारी

सड़क बदहाल, जिम्मेदारी ट्रांसफर-टेकओवर के बीच अटकी
कालाअंब से पांवटा साहिब तक का करीब 60 किलोमीटर लंबा मार्ग पहले हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल के अधीन था। हाल ही में इसे सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को हस्तांतरित किया गया है, लेकिन टेकओवर की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। इसी बीच सड़क की हालत लगातार सवालों के घेरे में है।

इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को गड्ढों के कारण न केवल परेशानी झेलनी पड़ रही है, बल्कि वाहनों के टायर, सस्पेंशन और अन्य पुर्जों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है। गड्ढों से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाने या दिशा बदलने की नौबत दूसरे वाहनों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकती है। आए दिन इस सड़क की खराब हालत के कारण हादसे हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में दर्दनाक हादसा: शव लेकर जा रही बोलेरो कैंपर जीप गहरी खाई में गिरी, 4 की मौत; 9 घायल, इलाके में शोक की लहर

हरियाणा और उत्तराखंड के हिस्सों में फोरलेन निर्माण पूरा
हिमाचल से सटे हरियाणा और उत्तराखंड में इस हाईवे के हिस्सों पर अरसा पहले फोरलेन का निर्माण हो चुका है, लेकिन हिमाचल के इस हिस्से में सड़क की बदहाली यात्रियों के लिए भारी परेशानी का सबब बनी हुई है। ऐसे में सवाल केवल फोरलेन निर्माण का नहीं, बल्कि तब तक सड़क को सुरक्षित और चलने लायक बनाए रखने का भी है।

दशहरे के बाद गड्ढे भरने का दावा
उधर, सड़क की बदहाली के बीच एनएचएआई ने मरम्मत शुरू करने का दावा किया है। एनएचएआई शिमला के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद दहिया ने आश्वासन दिया कि दशहरे के अगले दिन से इस 60 किलोमीटर लंबे मार्ग पर मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि टेकओवर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस सड़क को फोरलेन में बदलने के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अब देखना होगा कि यह काम कितनी तेजी से होता है और वाहन चालकों को गड्ढों से कब राहत मिलती है।

ये भी पढ़ें:  पत्नी की हत्या के दोषी को उम्रकैद, 25 हजार लगाया जुर्माना, पांवटा साहिब की अदालत ने सुनाया अहम फैसला
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More