नाहन : लोक जनशक्ति पार्टी ने बुधवार को पूर्व विधायक स्वर्गीय सदानंद चौहान की जयंती के अवसर पर मेडिकल कॉलेज नाहन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में 40 लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। वहीं, पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले गोल्ड मेडलिस्ट निशानेबाजों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में रणजीत सिंह, अभिमन्यु चौहान, वीरेंद्र गुलेरिया और राजेश परमार सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र विधुड़ी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पार्टी लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन का जनाधार बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी जनसेवा और जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से लोगों के बीच अपनी पहुंच मजबूत कर रही है।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी नितिन चौहान ने बताया कि पूर्व विधायक स्वर्गीय सदानंद चौहान की जयंती पर रक्तदान शिविर आयोजित करने के साथ ही खेल के क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले निशानेबाजों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी से लगातार नए लोग जुड़ रहे हैं और संगठन का विस्तार हो रहा है।
इस अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय रामविलास पासवान और पूर्व विधायक स्वर्गीय सदानंद चौहान को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

