होमHimachalSirmaurपच्छाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर, सराहां अस्पताल में इस...

पच्छाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर, सराहां अस्पताल में इस दिन से शुरू होंगे अल्ट्रासाउंड, मशीन इंस्टॉल

सिविल अस्पताल सराहां में सोमवार से पहली बार अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने जा रही है।

नाहन : हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के गृह क्षेत्र पच्छाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सिविल अस्पताल सराहां में सोमवार से पहली बार अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने जा रही है। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को जांच के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के लोग लंबे समय से सिविल अस्पताल सराहां में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग कर रहे थे। विधायक रीना कश्यप ने इस मामले को कई बार विधानसभा में प्रमुखता से उठाया और मुख्यमंत्री के समक्ष भी क्षेत्र की समस्या रखी। इसके बाद प्रदेश सरकार ने हाल ही में अस्पताल को नई अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाई है।

फिलहाल, सोमवार को एक दिन के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ से रेडियोलॉजिस्ट को डेपुटेशन पर सराहां भेजा जाएगा। जिला सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने बताया कि सिविल अस्पताल सराहां में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए फिलहाल सोमवार का डेपुटेशन आदेश जारी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मशीन को इंस्टॉल कर दिया गया है। अब जल्द लोगों को सुविधा उपलब्ध होगी।

ये भी पढ़ें:  देवभूमि में गैंगवार व माफियाराज बर्दाश्त नहीं, भाजपा फिर छेड़ेगी प्रदेशव्यापी जनआंदोलन: डॉ. बिंदल

गर्भवती महिलाओं को मिलेगी राहत
विधायक रीना कश्यप ने बताया कि उन्होंने सिविल अस्पताल सराहां में डॉक्टरों के रिक्त पद भरने और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाने की मांग विधानसभा में उठाई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस समस्या को रखा था। सरकार की ओर से मशीन उपलब्ध करवाए जाने के बाद सोमवार से गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों के अल्ट्रासाउंड शुरू हो जाएंगे। उन्होंने अस्पताल में नियमित रूप से रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग भी उठाई है।

40 पंचायतों के मरीजों को मिलेगा लाभ
सिविल अस्पताल सराहां में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की करीब 40 पंचायतों के मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, क्षेत्र के लोगों की मांग है कि अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियमित नियुक्ति की जाए, ताकि मरीजों को सप्ताह में केवल एक दिन की सुविधा पर निर्भर न रहना पड़े।

ये भी पढ़ें:  सोलन-सिरमौर के डाकघरों में 2 अगस्त को बंद रहेगा लेन-देन, APT लागू करने की तैयारी

गौरतलब है कि पच्छाद क्षेत्र के लोग सिविल अस्पताल सराहां की बिस्तर क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 करने और इसके अनुरूप डॉक्टरों तथा अन्य स्टाफ के पद भरने की मांग भी लंबे समय से कर रहे हैं। बहरहाल, अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

इससे पहले मरीजों को सोलन, सुल्तानपुर और मेडिकल कालेज नाहन समेत बाहरी राज्यों के अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते थे। सिविल अस्पताल सराहां में मशीन इंस्टाल होने और विशेषज्ञ की तैनाती होने से इलाके के बीमार लोगों को काफी राहत मिलेगी। इससे मरीजों के तीमारदारों का समय व धन दोनों की बचत की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में मार्केटिंग ट्रेनी के 22 पदों पर भर्ती, 12वीं पास से ग्रेजुएट तक के लिए मौका; 17 को इंटरव्यू

Latest Articles

Explore More