होमHimachalसंगड़ाह अस्पताल में शुरू हुए अल्ट्रासाउंड, 4 साल बाद लिफ्ट भी चली,...

संगड़ाह अस्पताल में शुरू हुए अल्ट्रासाउंड, 4 साल बाद लिफ्ट भी चली, 10 में से 7 डॉक्टरों के पद अभी खाली

संगड़ाह स्थित आदर्श स्वास्थ्य संस्थान में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।

संगड़ाह : जिला सिरमौर के संगड़ाह स्थित आदर्श स्वास्थ्य संस्थान में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। मशीन की टेस्टिंग के बाद वीरवार को चार मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए गए। अस्पताल में पिछले चार साल से बंद पड़ी लिफ्ट भी आखिरकार चालू हो गई है।

स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड सेवा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। अस्पताल में कुछ समय पहले एक्स-रे सुविधा भी शुरू हो चुकी है।

खंड स्वास्थ्य अधिकारी संगड़ाह डॉ. सुनील कक्कड़ ने बताया कि विधायक शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड सेवा का शुभारंभ करने के साथ रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें:  न्यायिक न्यायालय परिसर मंडी और तांदी-सिरिम-बटाहण सड़क को चरण-2 की मंजूरी, वन भूमि उपयोग परिवर्तन के 139 मामलों की समीक्षा

करीब साढ़े 10 करोड़ रुपये की लागत से बने अस्पताल भवन का उद्घाटन 5 मई 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था। उद्घाटन के कुछ ही दिन बाद बिजली की समस्या का हवाला देकर लिफ्ट बंद कर दी गई थी, जो अब जाकर चालू हुई है।

10 में से 7 डॉक्टरों के पद खाली
करीब एक लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे इस अस्पताल में डॉक्टरों की कमी अब भी बड़ी समस्या है। स्वीकृत 10 पदों में से सात खाली हैं और अस्पताल में कोई विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात नहीं है।

इस साल नियुक्त तीन डॉक्टरों में से एक को पोस्टिंग के कुछ ही दिन बाद जनजातीय मंत्री के गृह जिला किन्नौर में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आउटसोर्स पर नियुक्त 12 नर्सों में से दो को ददाहू अस्पताल और हरिपुरधार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दोबारा तैनात अथवा प्रतिनियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें:  राज्य चयन आयोग ने घोषित किया TGT मेडिकल का फाइनल परिणाम, 166 उम्मीदवारों का चयन

विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बड़ी चिंता
संगड़ाह उपमंडल की खस्ताहाल सड़कों पर आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होती हैं। इस साल अब तक सड़क हादसों में क्षेत्र के 28 लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

क्षेत्र में बिजली की समस्या भी अस्पताल की सेवाओं को प्रभावित करती है। संगड़ाह-चाड़ना 33 केवी लाइन की चार साल से मरम्मत न होने के कारण बार-बार अघोषित बिजली कट लगते हैं। अस्पताल में जनरेटर की सुविधा भी नहीं है, जिससे बिजली गुल होने पर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: हाइड्रा क्रेन की चपेट में आने से स्कूटी पर बैठे 12 साल के किशोर की मौत, एनएच-707 पर चक्का जाम
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More