नाहन : श्री रेणुकाजी में निजी बसों के टाइम टेबल को लेकर दो बस ऑपरेटरों के कर्मियों के बीच हाथापाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्री रेणुकाजी पुलिस के अनुसार संजय कुमार पुत्र लेखराज तोमर निवासी गांव व डाकघर कोटीधीमान, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में संजय कुमार ने बताया कि वह निजी बस दीपू कोच नंबर HP71-1320 के स्टाफ में है।
उन्होंने शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी बस को एमआरएल बस के चालक रमेश ने रोक लिया। आरोप है कि रमेश ने संजय कुमार को बस की अगली खिड़की से बाहर खींच लिया। इसके बाद रमेश, अनिल और विशाल शुक्ला ने उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुलिस थाना श्रीरेणुकाजी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।