होमHimachalनाहन में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, घंटों पथराव, SHO समेत...

नाहन में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, घंटों पथराव, SHO समेत कई पुलिसकर्मी घायल, हालात बेकाबू

इस दौरान कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करने का प्रयास भी किया, लेकिन स्थिति पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका।

नाहन :  हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में वाल्मीकि चौक पर शुक्रवार को दो समुदायों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। एक पुलिस जवान की टांग में गंभीर चोट आने की भी जानकारी मिली है। हिंसा के दौरान वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत वाल्मीकि चौक के समीप टूट चुके स्वागत द्वार की मरम्मत को लेकर हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और हालात बेकाबू हो गए। दोनों ओर से पत्थर बरसने लगे।

इस दौरान कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करने का प्रयास भी किया, लेकिन हिंसा पर तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। घटनास्थल पर महिला पुलिसकर्मियों सहित पुलिस बल मौजूद रहा, मगर पुलिसकर्मियों को भी पत्थरबाजी का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें:  हमारी भी सुनो... स्नातक की पढ़ाई कर रहे सैकड़ों बच्चों को नहीं मिला स्पैशल चांस, दांव पर भविष्य, उम्मीदें भी होने लगी अब धराशायी

रिजर्व फोर्स की तैनाती में देरी
इस घटनाक्रम ने पुलिस व्यवस्था और प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विवाद दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ और दोपहर बाद 3 बजे तक भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब शुरुआती दौर में ही हालात बिगड़ने लगे थे तो अतिरिक्त पुलिस बल समय रहते क्यों नहीं पहुंचा? सिरमौर के नजदीक आईआरबी की छठी बटालियन होने के बावजूद रिजर्व फोर्स की तैनाती में देरी क्यों हुई?

मौके पर डीएसपी शक्ति सिंह और सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह सहित पुलिस बल स्थिति संभालने में जुटा रहा। थाना प्रभारी के सिर पर चोट लगने की सूचना है। पुलिसकर्मियों के घायल होने के बीच पर्याप्त सुरक्षा बल और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  नाहन में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता

नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित
हिंसक झड़प का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। नाहन से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-907ए पर दोपहर करीब 12 बजे से 3 बजे तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। शिमला और चंडीगढ़ की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।

स्मारक को नुकसान के बाद बढ़ा तनाव
घटनाक्रम के दौरान वाल्मीकि चौक पर स्मारक को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना सामने आई, जिसके बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।

पत्थरबाजी में वाहन क्षतिग्रस्त हुए। एक निजी वाहन के घटनास्थल से निकलने की कोशिश के दौरान उस पर भी पत्थर बरसाए जाने की सूचना है। आग बुझाने वाली गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन स्थिति को नियंत्रित करने में समय लगा।

ये भी पढ़ें:  कल सिरमौर प्रवास पर रहेंगे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, इस स्कूल में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में होंगे मुख्य अतिथि

दोनों समुदायों के कुछ जिम्मेदार लोगों ने अपने-अपने पक्ष के लोगों को रोकने और शांति बनाए रखने की कोशिश की। ऐसे में पूरे समुदाय को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराने के बजाय घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान और उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

मौके पर एसडीएम नाहन भी पहुंचे। हालांकि, रिजर्व फोर्स की तैनाती, यातायात प्रबंधन और हालात नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More