मंडी : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने वाला एक रूसी पैराग्लाइडर द्रंग क्षेत्र के टांडू में बिजली के तार में उलझ गया।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और क्रेन की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए पैराग्लाइडर की पहचान इवाकिन इलेक्सी के रूप में हुई है।
एसडीएम सदर (ना.) चंद्र प्रकाश ने बताया कि रूसी पैराग्लाइडर ने बीड़-बिलिंग से उड़ान भरी थी। कुछ समय बाद वह द्रंग के टांडू क्षेत्र में पहुंचकर बिजली के तार में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा।
रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से सावधानीपूर्वक अभियान चलाया और पैराग्लाइडर को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती करवाया गया है।
एसडीएम ने बताया कि जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और रेस्क्यू टीम के आपसी समन्वय से यह अभियान सफल रहा।




