राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ में दोस्त के साथ पैदल घर लौट रहे 10 वर्षीय बच्चे पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया।
कुत्ते ने बच्चे की पीठ पर दाहिनी तरफ काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। परिजन बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार टिक्कर गांव निवासी जसबीर सिंह ने शिकायत में बताया कि 14 नवंबर को वह परिवार सहित एक शादी समारोह में गए थे।
वहां से लौटते समय उनका 10 वर्षीय बेटा यशप्रीत अपने दोस्त के साथ पैदल घर जा रहा था। शाम करीब 4:30 बजे जब दोनों इंदु धवन के घर के ऊपर सड़क के पास पहुंचे तो वहां मौजूद सफेद रंग के एक कुत्ते ने यशप्रीत की पीठ पर दाहिनी तरफ काट लिया। कुत्ते के गले में पट्टा लगा हुआ था।
बच्चा रोता हुआ घर पहुंचा तो पिता ने उसकी पीठ पर चोट और खून निकलता देखा। इसके बाद वे उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
- ये भी पढ़ें : नालागढ़ में बाइक की तलाशी के दौरान मिला चिट्टा, पंजाब और सोलन के दो युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
- ये भी पढ़ें : सिरमौर एथलेटिक एसोसिएशन में बड़ा फैसला, विजय कुमार का निलंबन रद्द, 20 दिसंबर को होंगे चुनाव




