श्री रेणुकाजी : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आधुनिक विकास के साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई पहचान दे रहा है। देश की प्राचीन सभ्यता और आध्यात्मिक शक्ति आज वैश्विक स्तर पर आकर्षण का केंद्र बन रही है। प्रधानमंत्री का ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।
राज्यपाल अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं। राज्यपाल ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन में श्री महाकाल लोक जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना को नई मजबूती दे रहे हैं। श्री रेणुकाजी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सहेजने में अहम भूमिका निभाते हैं।
माता रेणुकाजी और भगवान श्री परशुराम जी के दिव्य मिलन को मेले की विशेष पहचान बताते हुए राज्यपाल ने इसे मातृत्व, त्याग, श्रद्धा और भारतीय पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में नारी को विशेष सम्मान दिया गया है। महिलाओं का सम्मान केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित न रहे, बल्कि सामाजिक व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, उद्यमिता, राजनीति और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। श्री रेणुकाजी जैसे पवित्र स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और इको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित किया जा सकता है। बेहतर सड़क संपर्क, होमस्टे, स्थानीय हस्तशिल्प और पर्यटन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मेले स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का मंच प्रदान करते हैं। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।
राज्यपाल ने युवाओं को आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के साथ सनातन मूल्यों और भारतीय सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने प्रदेश के विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और शोधकर्ताओं से देव परंपराओं, लोकगीतों, लोकसंगीत, मंदिरों और धार्मिक मेलों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण कर डिजिटल संरक्षण करने का आग्रह किया, ताकि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सके।
नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और युवाओं से नशे के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का जीवन प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है।
मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने और प्राकृतिक पत्तलों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने रेणुका झील की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय पवित्रता बनाए रखने में सभी से सहयोग मांगा। राज्यपाल ने माता रेणुका जी की पावन भूमि से लोगों को पांच संकल्प लेने का आह्वान किया। इनमें सांस्कृतिक विरासत और देव परंपराओं का संरक्षण, नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में योगदान, महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण, स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय भागीदारी शामिल हैं।
राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, रेणुका जी विकास बोर्ड, कलाकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना भी की।
इससे पहले राज्यपाल और लेडी गवर्नर ने भगवान परशुराम मंदिर तथा माता रेणुकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की और पारंपरिक देव विदाई शोभायात्रा में भाग लिया। उन्होंने मेले के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विभागों को सम्मानित भी किया।
रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने राज्यपाल का आभार प्रकट किया। उन्होंने मेले में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।
समारोह में सांसद सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राजीव बिंदल, एसपी सिरमौर एनएस नेगी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। बाद में राज्यपाल ने रेणुका झील की परिक्रमा की और चिड़ियाघर का दौरा कर वहां रखे गए बंगाल टाइगर को भी देखा।
संध्याकाल में राज्यपाल ने लेडी गवर्नर के साथ श्री रेणुकाजी तीर्थ पर आयोजित भव्य आरती में भी हिस्सा लिया।
- ये भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी घोषित; नड्डा, बिंदल, जयराम और अनुराग समेत कई दिग्गज शामिल
- ये भी पढ़ें : ‘सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होआ’ से निहाल हुआ नाहन, पंज प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन





