कालाअंब : सिरमौर पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कालाअंब से जुड़े मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को इस सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। लिहाजा, पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए सप्लायर को पंजाब से धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार कालाअंब थाने में 20 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले दो आरोपियों से 11.54 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस हिरासत में चल रहे आरोपी सुनील कुमार से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चिट्टे की सप्लाई से जुड़े व्यक्ति का नाम बताया।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रसाल सिंह उर्फ शालू (33) निवासी गांव मानेकी, डाकघर बल्टोहा, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 45.77 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 30 नवंबर, 2026 तक पुलिस हिरासत रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले में चिट्टा सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
- ये भी पढ़ें : चिट्टे से युवाओं को दूर रखने के लिए खेल मैदान में उतरेगा हिमाचल, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम
- ये भी पढ़ें : डडवाल में मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, चालक समेत दो घायल, पुलिस जांच में जुटी





