बद्दी : हिमाचल प्रदेश में दवा निर्माण की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। प्रदेश में बनीं 91 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं।
इनमें सबसे अधिक सोलन जिला में बनीं 65 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए हैं। इसके अलावा सिरमौर की 19, ऊना की 5 और कांगड़ा की 2 दवाओं के सैंपल भी फेल हुए हैं। देशभर में कुल 324 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं, जो गुणवत्ता की कसौटी पर खरा नहीं उतर पाए हैं।
जांच में फेल हुई दवाओं में एंटीबायोटिक, दिल के रोगों, संक्रमण, एनीमिया, खुजली, बुखार, खांसी-जुकाम, दर्द, एसिडिटी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थमा और कोलेस्ट्रॉल जैसी बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं। यानी रोजमर्रा की कई स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में उपयोग होने वाली दवाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।
राज्य ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि गुणवत्ता जांच में फेल पाई गई दवाओं के निर्माताओं के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रभावित बैच बाजार से वापस मंगवाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
देशभर के आंकड़ों पर नजर डालें तो हिमाचल प्रदेश के अलावा उत्तराखंड की 62, गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश की 25-25 तथा सिक्किम की 14 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी की 9-9, पाकिस्तान और जम्मू की 6-6 तथा कर्नाटक, तमिलनाडु और पंजाब की 5-5 दवाएं भी गुणवत्ता परीक्षण में फेल हुई हैं।
इसके अलावा बिहार की 4, दमन, गोवा, थाईलैंड और असम की 2-2 तथा मुंबई, बंगाल, चंडीगढ़, केरल, ऑस्ट्रेलिया और आंध्र प्रदेश सहित अन्य स्थानों की दवाओं के सैंपल भी फेल हुए हैं। तीन दवाओं के मामले में निर्माता उद्योग का नाम और स्थान तक अंकित नहीं पाया गया।
बहरहाल, दवाओं की गुणवत्ता सीधे मानव जीवन से जुड़ा विषय है। ऐसे में सवाल केवल अधोमानक दवाओं को बाजार से वापस मंगवाने का नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों की जांच का भी है, जिनके चलते ये दवाएं गुणवत्ता नियंत्रण की तमाम प्रक्रियाओं से गुजरकर बाजार तक पहुंचीं।
- ये भी पढ़ें : स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक 27 नवंबर को, विभागों के लेखा अभिलेखों की होगी समीक्षा: अनुपम कश्यप
- ये भी पढ़ें : चिट्टे से युवाओं को दूर रखने के लिए खेल मैदान में उतरेगा हिमाचल, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम





