होमCrimeआधी रात घर में घुसकर बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने के मामले...

आधी रात घर में घुसकर बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक गिरफ्तार, बाकी की तलाश

नाहन : जिला सिरमौर की बनेठी पंचायत के निहोग क्षेत्र में घर में घुसकर एक बुजुर्ग व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने और इसके बाद घर से कीमती सामान उड़ाने के मामले में पुलिस ने नेपाली मूल के एक व्यक्ति अनिल कुमार को शिलाई से गिरफ्तार किया है. आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 21 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है.

बुजुर्ग पर हमला करने की ये वारदात इसी माह एक मार्च की मध्यरात्रि को सामने आई थी. वारदात के बाद से ही पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही थी. डंप डाटा को भी खंगाला गया. बेहद पेचीदा इस मामले में पुलिस ने अब पहली गिरफ्तारी की है.

ये भी पढ़ें:  सोलन स्टेशन पर रुके हिमालयन क्वीन, समाजसेवी व पूर्व नप चेयरमैन ने रेल मंत्री को भेजी पाती

उधर, पुलिस सूत्रों की मानें तो इस वारदात को 3 से 4 लोगों ने अंजाम दिया था. बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी अनिल वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के साथ गाड़ी चलाकर पहुंचा था. हालांकि, पुलिस की शुरूआती जांच में एक हमलावर की बात सामने आ रही थी, लेकिन जैसे-जैसे मामले की जांच आगे बढ़ी तो इस मामले में 3 से 4 लोगों की संलिप्तता पाई जा रही है. लिहाजा, पुलिस अन्य आरोपियों की भी तलाश में जुटी है.

गौरतलब है कि आरोपियों ने आधी रात को निहोग के एक घर में घुसकर पृथ्वी सिंह (78) पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया था. अधमरी हालत में पहुंचे बुजुर्ग को नाहन मेडिकल कॉलेज से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया. ये हमला उस वक्त हुआ था, जब पृथ्वी सिंह अपने घर पर सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी दूसरे कमरे में सोई थी.

ये भी पढ़ें:  नाहन के कांशीवाला में 214 ग्राम चरस के साथ ये शख्स गिरफ्तार

जिस वक्त यह वारदात सामने आई थी, उस समय घर पर पृथ्वी सिंह की पोती भी मौजूद थी, जिसने एक व्यक्ति को उसके दादा पर हमला करते हुए देखा था. यहीं से शुरूआती जांच में वारदात में एक व्यक्ति के शामिल होने की बात सामने आई थी, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, तो इसमें अन्य आरोपियों की संलिप्तता मिली. इस दौरान हमलावरों ने कीमती सामान उड़ाने के मकसद से घर का सामान भी तहस-नहस कर दिया था.

बताया जा रहा है कि पृथ्वी सिंह आर्थिक रूप से काफी मजबूत है. लिहाजा, माना जा रहा है कि आरोपियों ने कीमती सामान उड़ाने के मकसद से ही इस वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल, हमले में घायल पृथ्वी सिंह की हालत ठीक है, जिन्हें उपचार के बाद पीजीआई से घर भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें:  सोच बदलने वाला मंच बना ‘क्रिएट फॉर नेशन’, नाहन में सोशल मीडिया के असर पर गंभीर मंथन

उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने वारदात में शामिल एक आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More