शिमला : हिमाचल प्रदेश में अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को भी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी हुआ है। हालांकि, प्रदेश में पिछले कई दिन से मौसम खराब बना हुआ है। विभिन्न हिस्सों में बारिश के साथ अंधड़ का दौर जारी है। अब दो दिन और मौसम खराब रहने वाला है।
प्रदेश में खराब चल रहे मौसम के बीच शुक्रवार को रोहतांग, धौलाधार की चोटियों पर बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में शाम के समय बादल झमाझम बरसे। इसके साथ साथ जिला सिरमौर के कई हिस्सों में भी गत देर शाम और रात्रि को भारी गर्जना के साथ जोरदार बारिश हुई।

आज सुबह से ही प्रदेश के कई भागों में मौसम खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को भी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है।
11 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। जबकि, 12 मई से धूप खिलने की संभावना है। मौसम में आए बदलाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी पांच से छह डिग्री तक कमी दर्ज हुई है। मैदानी इलाकों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
बता दें कि गत शुक्रवार रोहतांग सहित लाहौल की चोटियों में पांच से दस सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। धौलाधार की पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई।
मंडी, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना में भी शुक्रवार बारिश हुई। बारिश से कांगड़ा और मंडी समेत अन्य कई जिलों में गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। फसलों को एकत्रित करने के वक्त पर बार बार खराब हो रहे मौसम से किसानों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।