सिरमौर में आधी रात मकान पर गिरी पहाड़ी, महिला की दर्दनाक मौत, मवेशी भी मरे

श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की नौहराधार तहसील के चौरास गांव में रात को भूस्खलन की चपेट में आने से एक कच्चे मकान के साथ गौशाला भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

0

नौहराधार : जिला सिरमौर में मूसलाधार बारिश के बीच आधी रात एक महिला की भूस्खलन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक गाय समेत 4 मवेशियों के मारे जाने की भी खबर है।

जानकारी के अनुसार श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की नौहराधार तहसील के चौरास गांव में रात को भूस्खलन की चपेट में आने से एक कच्चे मकान के साथ गौशाला भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस आपदा में शीला देवी (37) पत्नी मोहन लाल निवासी चौरास की दर्दनाक मौत हो गई।

प्रशासन के अनुसार जिस समय पहाड़ी से भूस्खलन हुआ, उस दौरान मकान में महिला के साथ उसका पति और एक बच्चा भी था। जैसे ही पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे तो महिला का पति बच्चे को लेकर बाहर निकल गए। महिला भी घर से बाहर निकल ही रही थी कि वह तब तक भूस्खलन की चपेट में आ गई। एक बड़ा पत्थर महिला को लगा।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला, बुरी तरह तोड़ी टांग, बाहर निकलीं हड्डियां, मामले में 4 गिरफ्तार

हादसे में मकान और उसकी निचली मंजिल में गौशाला पूरी तरह खत्म हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों सहित प्रशासन मौके पर पहुंचा। महिला को मलबे से निकाला गया। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

उधर, एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की फौरी राहत दी है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

ये भी पढ़ें:  माजरा प्रकरण : कोर्ट में युवती का बयान- नहीं हुआ मेरा अपहरण, हम सिर्फ दोस्त, नहीं की है शादी