
नाहन : जिला सिरमौर कांग्रेस ने राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान का विधिवत आगाज कर दिया है। स्थानीय विधायक एवं अभियान के जिला संयोजक अजय सोलंकी ने सोमवार को कांग्रेस भवन नाहन में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक निर्णायक पहल बताया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह न समझे कि लोकतंत्र की रक्षा करने निकले राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी अकेले हैं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। देश के लोकतंत्र को आज बड़ा खतरा पैदा हो गया है, जिसके खिलाफ यह आंदोलन शुरू किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया केंद्र सरकार के ‘पिट्ठू’ की तरह काम कर रहा है। देश के नागरिकों को संवैधानिक रूप से जो सबसे बड़ा अधिकार वोट देने का अधिकार दिया गया है, उसी के दम पर देश में सरकारें बनती और गिरती हैं। बावजूद इसके देश के अधिकतर विधानसभा क्षेत्रों में लंबे समय से वोटों में हेराफेरी की शिकायतें मिल रही हैं।
बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक सोलंकी ने कहा कि इलेक्शन कमीशन द्वारा यह बड़ी हेराफेरी विशेष रूप से ‘पार्टी विशेष’ और ‘समुदाय विशेष’ को ध्यान में रखकर की गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत जिला सिरमौर की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। अभियान को सफल बनाने और लक्ष्य सुनिश्चित करने के लिए सभी पांचों मंडल प्रमुखों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकारी जिला अध्यक्ष आनंद परमार की देखरेख में जिला मुख्यालय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
सोलंकी ने बताया कि 11 अक्तूबर तक प्रति विधानसभा क्षेत्र 2000 हस्ताक्षरों के दस्तावेज जमा कर लिए जाएंगे। उन्होंने इलेक्शन कमीशन से अपील करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया के लिए पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और मतदाताओं को फोटो युक्त पर्ची दी जाए।
जिन वोटर लिस्टों की एंट्री में कमियां पाई गई हैं, उनकी डिटेल भी सार्वजनिक की जाए। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रूपेंद्र ठाकुर, एपीएमसी के चेयरमैन सीताराम शर्मा, वरिष्ठ नेता अवनीत लांबा, ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञान चौधरी सहित पांचों ब्लाकों के अध्यक्षों समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।






