HomeAccidentपांवटा साहिब में ट्राले ने बाइक को कुचला, कालाअंब में अनियंत्रित ट्राले...

पांवटा साहिब में ट्राले ने बाइक को कुचला, कालाअंब में अनियंत्रित ट्राले की चपेट में आए कई वाहन

जिला सिरमौर में शुक्रवार देर रात दो सड़क हादसे पेश आए। पांवटा साहिब के पातलियों में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कालाअंब में नेशनल हाईवे-07 पर एक अनियंत्रित ट्राले की चपेट में आने से कई वाहन आपस में टकरा गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नाहन : जिला सिरमौर में शुक्रवार देर रात दो सड़क हादसे पेश आए। पांवटा साहिब के पातलियों में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कालाअंब में नेशनल हाईवे-07 पर एक अनियंत्रित ट्राले की चपेट में आने से कई वाहन आपस में टकरा गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा पांवटा साहिब के पातलियों क्षेत्र में सामने आया। जाबिर निवासी पातलियों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी दुकान के बाहर यूटिलिटी यूनियन के पास नाहन रोड पर खड़ा था। रात करीब नौ बजे बातापुल की ओर से नाहन की तरफ जा रहे एक ट्राले ने मालवा कॉटन के समीप एक बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर तीन युवक सवार थे।

ये भी पढ़ें:  इस सड़क की बहाली के लिए मंत्री तक पहुंचे पर 2 साल से नहीं हुआ समाधान, अब दिया अल्टीमेटम

शिकायत के अनुसार ट्राला चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर बाइक को टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक ट्राला को सड़क के बीच में छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार मयंक, अंकित और सुखदेव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया और फिलहाल उनका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:  पुलिस के QRT वाहन ने जमटा में कुचलीं मोटरसाइकिलें, रात को खूब हुआ हंगामा

उधर, कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-07 पर टोल टैक्स बैरियर के समीप पुराने थाना भवन के सामने बड़ा सड़क हादसा पेश आया। रात करीब 10:30 बजे हुए इस हादसे में कई वाहन आपस में टकरा गए। यहां कालाअंब की ओर जा रहे एक लोड ट्राले ने एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रक घूमकर हाईवे किनारे बनी दुकानों से जा टकराया।

इस हादसे की चपेट में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चंडीगढ़ जा रही बस, एक अन्य ट्रक, एक बाइक और एक स्कूटी भी आ गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बाद में यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर भेजा गया। सूचना मिलने के बाद कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेते हुए यातायात सुचारू करवाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:  कर्तव्य पथ पर हिमाचल की झांकी में सिरमौर के कलाकार सुनील और किरण की दमदार मौजूदगी
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More