Home Accident कई गाड़ियां रौंदने के बाद 35 फीट गहरी खड्ड में गिरा बेकाबू...

कई गाड़ियां रौंदने के बाद 35 फीट गहरी खड्ड में गिरा बेकाबू ट्रक, चालक की गई जान

पुलिस ने वाहन के भीतर फंसे घायल चालक को बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

0
accident

शिमला : रामपुर उपमंडल में मंगलवार रात एक अनियंत्रित ट्रक ने कहर बरपाया। दत्तनगर में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद ट्रक भद्राश के पास करीब 35 फीट गहरी मछाड़ा खड्ड में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक आयुष की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मछाड़ा खड्ड में गिरने से पहले ट्रक ने दत्तनगर इलाके में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। इसके कुछ ही दूरी बाद चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से करीब 30 से 35 फीट नीचे खड्ड में जा गिरा।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर की दूरदराज इस PHC में 2 वर्ष बाद डॉक्टर की तैनाती, डॉ. ज्योत्सना ने संभाला पदभार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। पुलिस ने वाहन के भीतर फंसे घायल चालक को बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। इस बीच रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसे ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आयुष, निवासी शिलगांव (शिमला) के रूप में हुई है।

रामपुर पुलिस ने इस मामले में हादसे का केस दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में फिर दबोचे नशा तस्कर, अब 2.026 किलोग्राम गांजे के साथ 2 गिरफ्तार