HomeAccidentमहाशिवरात्रि पर हिमाचल में बड़ा हादसा: जीप खाई में गिरने से तीन...

महाशिवरात्रि पर हिमाचल में बड़ा हादसा: जीप खाई में गिरने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल

रविवार सुबह करीब चार बजे एक ऐसी त्रासदी हुई, जिसने तीन घरों की खुशियां छीन लीं। हादसे की खबर फैलते ही पूरे सराज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मंडी : हिमाचल प्रदेश में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रदेश के जिला मंडी में जहां पूरा क्षेत्र महाशिवरात्रि का त्योहार मनाने की तैयारी में जुटा है, वहीं सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग क्षेत्र से एक दु:खद खबर सामने आई है। रविवार सुबह करीब चार बजे एक ऐसी त्रासदी हुई, जिसने तीन घरों की खुशियां छीन लीं। हादसे की खबर फैलते ही पूरे सराज क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक लंबाथाच-कल्हणी सड़क पर सुबह सवेरे एक जीप अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि चौथा युवक अब जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। मृतकों में 19 साल के ऋतिक ठाकुर, 17 साल के सुनील और 18 साल के ईशान शामिल हैं, जबकि 18 वर्षीय कुशाल घायल हुआ है। ये चारों युवक सराज क्षेत्र के केलोधार और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। सुबह सवेरे ये युवक कहां जा रहे थे, फिलहाल अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल के चमियाना में पहली रोबोटिक सर्जरी, CM ने किया राज्य की पहली सुविधा का शुभारंभ

इस हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीसरे युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उसकी भी जान नहीं बचाई जा सकी। घायल कुशाल का इलाज अभी श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जंजैहली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें:  सुपरवाइजर और सुरक्षा गार्ड के 70 पदों के लिए यहां 5 फरवरी को होंगे साक्षात्कार, 23 हजार तक मिलेगी सैलरी
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More