जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को बेहद दुखद हादसा हो गया, जहां भारतीय सेना का वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 10 जवानों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हुए हैं। यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराष्ट्रीय सड़क पर खानी टॉप के समीप हुआ। इस दुर्घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और सेना के अधिकारी घायल जवानों के इलाज और उनकी शिफ्टिंग की देखरेख के लिए भद्रवाह हॉस्पिटल पहुंचे।

बताया जा रहा है कि सेना के बुलेट प्रूफ वाहन में 21 जवान सवार थे। ये वाहन एक चौकी की ओर जा रहा था कि इस बीच चालक ने वाहन से संतुलन को दिया और करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के सूचना मिलते ही सेना और पुलिस ने तुरंत संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल जवानों को विशेष उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर के सैन्य अस्पताल ले जाया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने जताया शोक
शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जम्मू-कश्मीर के डोडा जिला में सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 10 वीर जवानों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके सर्वोच्च बलिदान और देश सेवा को राष्ट्र सदैव याद रखेगा। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही दिवंगत की आत्माओं की शांति और ईश्वर से शोकग्रस्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की।



