HomeAgricultureसावधान! बागवानी पर पाले का साया: धौलाकुआं केंद्र ने जारी की 'प्रोटेक्टिव...

सावधान! बागवानी पर पाले का साया: धौलाकुआं केंद्र ने जारी की ‘प्रोटेक्टिव एडवाइजरी’, ऐसे बचाएं अपनी फसल

सर्दियों के मौसम में पाले की बढ़ती आशंका को देखते हुए क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र धौलाकुआं (सिरमौर) ने फसलों और बगीचों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है।

नाहन : सर्दियों के मौसम में पाले की बढ़ती आशंका को देखते हुए क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र धौलाकुआं (सिरमौर) ने फसलों और बगीचों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। केंद्र ने बागवानों और किसानों को सलाह दी है कि पाले के प्रभाव से बचाव के लिए शुरुआत से ही सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जाएं, ताकि उत्पादन और पौधों की सेहत पर प्रतिकूल असर न पड़े।

बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार मौसम के पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखना और सरकार व किसान सेवा केंद्रों से समन्वय बनाकर अग्रिम रणनीति तैयार करना नुकसान को कम करने में सहायक हो सकता है। पाले से बचाव के लिए कई ऐसी विधियां हैं, जिन्हें समय रहते अपनाकर फसलों और बगीचों को सुरक्षित रखा जा सकता है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि पौधों का पोषण प्रबंधन सही समय पर किया जाना चाहिए। उचित छंटाई से हवा के बेहतर संचार और धूप के समुचित उपयोग में मदद मिलती है। पौधों को पॉली शीट या शैड नेट से ढकना लाभकारी रहता है। सर्दियों के अंत में मिट्टी की जुताई से बचने की सलाह दी गई है। पाले की अधिक संभावना होने पर पौधों में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करना उपयोगी माना गया है।

ये भी पढ़ें:  शिलान्यास पट्टिकाएं तोड़ने पर भड़का आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग, नरेंद्र तोमर बोले- ‘विकास नहीं पच रहा’

फसलों की जड़ों को ठंड से बचाने के लिए मिट्टी को पत्तियों, घास या पुआल से ढकना जरूरी बताया गया है। रोपण और वार्षिक फसलों की बुआई उपयुक्त समय पर करने, रोग प्रतिरोधी किस्मों के चयन और सर्दियों में संभावित रोगों के लिए सुरक्षात्मक स्प्रे पहले से करने की भी सिफारिश की गई है, ताकि किसी भी प्रकार के नुकसान से बचा जा सके।

एडवाइजरी में विभिन्न फसलों और पौधों के लिए विशेष सुझाव भी दिए गए हैं। आम के पेड़ पाले के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं, विशेषकर जब वे छोटे हों। ठंड से बचाने के लिए फ्रॉस्ट कपड़े से पेड़ को ढकने, कवर को जमीन तक रखने और ठंडी हवा के प्रवेश को रोकने की सलाह दी गई है। ठंडी हवाओं से बचाव के लिए जाली का उपयोग भी कारगर माना गया है।

ये भी पढ़ें:  मोगीनंद में जमीनी विवाद में बाउंड्री वॉल की तोड़फोड़, फार्मा कंपनी पर केस

कॉफी के पौधे भी ठंड के प्रति संवेदनशील होते हैं, खासकर शुरुआती अवस्था में। इन्हें फ्रॉस्ट कपड़े से ढकने और जड़ों के आसपास पुआल, पत्तियों या लकड़ी के टुकड़ों की मोटी परत लगाने की सलाह दी गई है। यदि कॉफी के पौधे गमलों में हों, तो उन्हें ठंड के दौरान किसी गर्म स्थान या ग्रीन हाउस में रखने की सिफारिश की गई है।

डहलिया के पौधों को पुआल या पत्तियों की मोटी परत से ढकने के साथ उनके चारों ओर फ्रेम बनाकर प्लास्टिक या कपड़े से ढकने की सलाह दी गई है, जिससे मिनी ग्रीन हाउस जैसा प्रभाव बने और पाले से सीधा संपर्क न हो। अफ्रीकी गेंदा हल्की ठंड सहन कर सकता है, लेकिन अत्यधिक ठंड में उसे भी नुकसान हो सकता है। ऐसे में पौधों को घास, पुआल या पत्तियों से ढकने या पंक्ति कवर का उपयोग करने की सलाह दी गई है। गमलों में लगे पौधों को ठंड के दौरान सुरक्षित और अपेक्षाकृत गर्म स्थान पर रखने पर जोर दिया गया है।

ये भी पढ़ें:  सोलन में स्थापित होगा हिम ईरा प्रीमियम शोरूम : संजय अवस्थी

केंद्र ने बागवानों और किसानों से अपील की है कि वे पाले की घटनाओं का अनुमान लगाने के लिए स्थानीय मौसम पूर्वानुमानों पर नजर रखें। पौधों के आसपास की मिट्टी में समय पर पानी देना जड़ों को ठंड से बचाने में सहायक हो सकता है। इन विभिन्न तकनीकों को मिलाकर अपनाने से सर्दियों में पाले से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

डा. प्रियंका ठाकुर, सह निदेशक (अनुसंधान और विस्तार)

डॉ. प्रियंका ठाकुर, सह निदेशक (अनुसंधान और विस्तार), क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र धौलाकुआं (सिरमौर) ने बताया कि समय रहते सावधानी और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर किसान और बागवान अपनी फसलों और बगीचों को पाले के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रख सकते हैं।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More