HomeHimachalSirmaurधमून-हाब्बन सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, चक्का जाम की...

धमून-हाब्बन सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, चक्का जाम की चेतावनी, 15 दिन का अल्टीमेटम

कमल शर्मा ने बताया कि धमून से हाब्बन तक की सड़क का निर्माण वर्ष 1972 में लोक निर्माण विभाग द्वारा किया गया था, लेकिन बीते 55 वर्षों में इसे आज तक पक्का नहीं किया गया।

राजगढ़ : डिम्मन क्षेत्र के लोगों ने धमून-हाब्बन सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। क्षेत्रवासियों ने साफ कहा है कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर सड़क की आवश्यक मरम्मत नहीं की गई तो समूचे डिम्मन क्षेत्र के लोग सनौरा में चक्का जाम कर विरोध दर्ज करेंगे। यह चेतावनी डिम्मन क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजगढ़ मंडल से मुलाकात के दौरान ज्ञापन सौंपते हुए दी।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कमल शर्मा ने बताया कि धमून से हाब्बन तक की सड़क का निर्माण वर्ष 1972 में लोक निर्माण विभाग द्वारा किया गया था, लेकिन बीते 55 वर्षों में इसे आज तक पक्का नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस सड़क से प्रतिदिन बसों और छोटे वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे कच्ची सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है और अब यह पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।

ये भी पढ़ें:  घुमारवीं में यातायात व्यवस्था को लेकर त्योहारी सीजन में लागू रहेगा अस्थायी रूट डायवर्जन

कमल शर्मा ने बताया कि बरसात के कारण सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह टूट चुकी है। कई जगहों पर दो-दो फीट गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जबकि कुछ हिस्सों में सड़क पर करीब 60 डिग्री तक की तीखी चढ़ाई है। ऐसे हालात में यदि किसी बस या भारी वाहन का एक्सल या टायर क्षतिग्रस्त होता है तो बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के बाद सड़क से केवल इतना ही मलबा हटाया गया कि वाहन किसी तरह निकल सकें। कुछ समय पहले सड़क की मरम्मत के लिए तीन से चार मल्टीटास्क कर्मियों को तैनात किया गया था, लेकिन बीते चार महीनों से उन्हें अन्य स्थानों पर भेज दिया गया, जिससे सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

ये भी पढ़ें:  3 माह से नहीं मिला केंद्र का मानदेय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का टूटा सब्र, नाहन से भेजे ज्ञापन 

प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार राजगढ़ के माध्यम से लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी ज्ञापन भेजकर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है और चेताया है कि तय समय सीमा में कार्रवाई न होने पर आंदोलन किया जाएगा।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More