HomeBreakingVIDEO : सिरमौर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, 4 घायल,...

VIDEO : सिरमौर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, 4 घायल, महिलाओं की मची चीख पुकार, जानें क्या है पूरा मामला

राजगढ़ : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में रास्ते के निर्माण को लेकर उपजे विवाद में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष देखने को मिला. इस पूरे घटनाक्रम में 2 महिलाओं सहित 4 लोग घायल हुए हैं. करीब एक दर्जन ग्रामीणों के बीच लाठी डंडों के साथ हुई इस मारपीट के दौरान एक व्यक्ति खाई में भी लुढ़क गया. इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है. फिलहाल, पुलिस मौके पर जांच में जुटी है.

रोंगटे खड़े कर देने वाली ये वारदात राजगढ़ उपमंडल के पबियाना क्षेत्र में सामने आई है. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक अमरदत्त पबियाना में नाले के साथ जेसीबी लगाकर रास्ते का निर्माण कर रहा था. जबकि दूसरे पक्ष का यह कहना था कि जो रास्ते बनाया जा रहा है, उसमें वह घास काटते आ रहे हैं और ये जमीन उनकी है.

ये भी पढ़ें:  धौलाकुआं में ट्यूबवेल का उद्घाटन, पुष्प दिवस पर कुलपति ने किसानों को दी आधुनिक और प्राकृतिक खेती की दिशा

रास्ते के निर्माण के बीच इसी बात को लेकर दोनों गुटों में जमकर मारपीट शुरू हो गई. इसमें महिलाएं भी शामिल थी. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से एक दूसरे पर डंडों से प्रहार किए जा रहे हैं. यहां तक कि लड़ते-लड़ते एक व्यक्ति रास्ते से नीचे खाई में भी लुढ़क गया और इसके बाद दूसरा व्यक्ति नीचे पहुंचकर उससे मारपीट कर रहा है.

फिलहाल, पुलिस ने राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया है और जमीन से संबंधित कागजात मांगे गए हैं. इस घटना में अमरदत्त, रेशमा, मस्तराम और सुलेखा घायल बताए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें:  डिप्टी सीएम ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सीएम सुक्खू को भेंट किया 2 करोड़ का चेक

पुलिस के अनुसार घायलों को राजगढ़ से सोलन अस्पताल रैफर किया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है. बताया जा रहा है कि ये वीडियो गत दिवस रविवार का है और ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सोमवार दोपहर बाद भी पुलिस मौके पर जांच में जुटी थी.

डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि दो गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद देर रात केस दर्ज किया गया है. इसमें 4 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. पुलिस टीम मौके पर मौजूद है. राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि यह पता चल सके कि जमीन किसकी है.

ये भी पढ़ें:  शमलाटी मझगांव स्कूल की आंचल का नवोदय विद्यालय के लिए चयन

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. दूसरे पक्ष को भी मौके पर बुलाकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More