होमCrimeशिलाई में हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझी, इस रंजिश में...

शिलाई में हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझी, इस रंजिश में रची थी हत्या की साजिश; आरोपी गिरफ्तार

SIT ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

नाहन : सिरमौर के शिलाई में मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे खजान सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आठ दिन बाद कथित हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 10 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:20 बजे रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP71A-4396 पर चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी, तहसील ददाहू, लौट रहा था। इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही पल बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा खजान सिंह नीचे गिर गया।

रविंद्र सिंह जब घर पहुंचा तो उसने हेलमेट की जांच की। हेलमेट के पिछले हिस्से में छेद था और उसके अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली बरामद हुई। उसके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गोली चलाकर हत्या करने का संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।

ये भी पढ़ें:  चिंतपूर्णी में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, चालक फरार, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

ब्लाइंड मर्डर की जांच के लिए SIT गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर और SDPO पांवटा साहिब ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण SFSL जुन्गा की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (SIT) गठित किया।

SIT ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। आखिरकार पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए 18 नवंबर को विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में चिट्टे के साथ दबोचा गया ये शख्स, बाइक से छिपाकर ले जा रहा था नशे की खेप, SIU की कार्रवाई

बहन को भगाने की रंजिश बनी हत्या की वजह
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार आरोपी विनोद की बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने के कारण वह रंजिश रखता था। इसी बात को लेकर उसने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत खजान सिंह की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब हत्याकांड: दोनों आरोपित चार दिन के पुलिस रिमांड पर, हत्या की असल वजह खंगाल रही पुलिस
Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More