HomeCrimeसिरमौर : गैंगस्टर हमजा के बाद दूसरी गिरफ्तारी, घर से देसी कट्टा,...

सिरमौर : गैंगस्टर हमजा के बाद दूसरी गिरफ्तारी, घर से देसी कट्टा, दो मैगजीन और दो जिंदा राउंड हुए थे बरामद

हमजा फिलहाल पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पूछताछ के दौरान हमजा ने खुलासा किया कि उसने एक देसी पिस्टल विकास उर्फ विक्की पुत्र अनिल निवासी अमरकोट को दे रखी है

पांवटा साहिब : गैंगस्टर हमजा से गहन पूछताछ के बाद पांवटा साहिब पुलिस ने देसी कट्टे (पिस्टल), दो मैगजीन और दो जिंदा राउंड बरामदगी के मामले में एक और आरोपी विकास निवासी अमरकोट, तहसील पांवटा साहिब को गिरफ्तार कर लिया है। यह इस मामले में दूसरी बड़ी गिरफ्तारी है।

हमजा की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने इससे पहले शहर के देवीनगर क्षेत्र में एक जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपी गैंगस्टर हमजा को शनिवार देर रात सहसपुर के एक रिहायशी मकान से पकड़ा था।

हमजा फिलहाल पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पूछताछ के दौरान हमजा ने खुलासा किया कि उसने एक देसी पिस्टल विकास उर्फ विक्की पुत्र अनिल निवासी अमरकोट को दे रखी है, जो संभवतः किसी संगीन वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

ये भी पढ़ें:  श्रावण अष्टमी मेला 13 से 21 अगस्त तक, मेलावधि के दौरान माता श्री चिंतपूर्णी में लागू रहेगी विशेष व्यवस्था

इसी जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम रविवार को विकास उर्फ विक्की के घर पर दबिश देने पहुंची थी। हालांकि, विकास पहले ही घर से फरार हो चुका था। उसके कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा राउंड बरामद किए। फरार आरोपी विकास की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने उसे सोमवार को पांवटा साहिब से गिरफ्तार कर लिया।

साइबर और पुलिस टीम ने दिया अंजाम
देर शाम यह कार्रवाई थाना प्रभारी पांवटा साहिब कुलवंत कंवर की अगुवाई में साइबर और पुलिस की टीम ने अमल में लाई, जिसमें एएसआई दिनेश, साइबर क्राइम से एच.सी. रोहित, आरक्षी रोबिन, एचएचसी विनय, मुख्य आरक्षी विकास चौधरी व आरक्षी उमेश शामिल थे।

क्या था मामला?
यह मामला 12 नवंबर 2025 को देवीनगर वार्ड संख्या 10 के निवासी सौरभ कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। सौरभ ने पुलिस को बताया था कि शाम करीब 7:20 बजे वह अपने साथियों नवीन और मनीष के साथ शनि मंदिर के पास खड़े थे।

ये भी पढ़ें:  गांजे की बड़ी खेप के साथ पुलिस ने धरा नशा तस्कर, स्पैशल सेल एक्स की बड़ी कार्रवाई

तभी आरोपी हमजा पुत्र मोहम्मद जावेद निवासी सहारनपुर अपने साथी सतबीर के साथ मौके पर पहुंचा। विवाद के दौरान हमजा ने सौरभ पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हमजा ने सौरभ और उसके दोस्तों पर दो बार कट्टा चलाने की कोशिश भी की, लेकिन हथियार से फायर नहीं हुआ।

इसके बाद हमजा और सतबीर ने ईंट से वार किया और कड़ाही से गर्म तेल फेंककर सौरभ का हाथ बुरी तरह जला दिया, जिसके बाद वे फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में बी.एन.एस. की धारा 115(2), 126(2), 3(5), 351(2) में केस दर्ज किया है।

हमजा एक शातिर अपराधी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैंगस्टर हमजा एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ये भी पढ़ें:  सरकार... अब तक खाते में नहीं आई पेंशन, लंबित देय का भी नहीं हो रहा भुगतान, परेशानी में हैं सेवानिवृत्त कर्मचारी

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने दूसरी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी हमजा 4 दिन के पुलिस रिमांड पर है, जिससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और पूरे अपराधिक सिंडीकेट के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More