शमलाटी मझगांव के सारांश ने उत्तीर्ण की स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा

इस परीक्षा में जिला सिरमौर से कुल 11 विद्यार्थियों का चयन होना था, जिसमें सारांश ने सातवां रैंक प्राप्त किया, जबकि शिक्षा खंड सराहां से वह इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाला एकमात्र विद्यार्थी है।

0

सराहां : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के राजकीय माध्यमिक विद्यालय शमलाटी मझगांव के छात्र सारांश सेवल ने स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस परीक्षा में जिला सिरमौर से कुल 11 विद्यार्थियों का चयन होना था, जिसमें सारांश ने सातवां रैंक प्राप्त किया, जबकि शिक्षा खंड सराहां से वह इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाला एकमात्र विद्यार्थी है।

सारांश वर्तमान में विद्यालय में सातवीं कक्षा में अध्ययनरत है। विद्यालय प्रभारी संजय अत्री ने बताया कि यह छात्रवृत्ति परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाती है। द्वितीय चरण उत्तीर्ण करने पर विद्यार्थी को प्रथम वर्ष 4000 रुपये प्रति माह, द्वितीय वर्ष 5000 रुपये प्रति माह और तृतीय वर्ष 6000 रुपये प्रति माह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

ये भी पढ़ें:  सेहत की पाठशाला बना कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं, बहराल स्कूल के बच्चों ने जानें प्राकृतिक खेती के फायदे

विद्यालय प्रभारी ने इस उपलब्धि के लिए सारांश, उसके अभिभावकों और समूचे विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सारांश न केवल शैक्षणिक रूप से प्रतिभाशाली है, बल्कि गायकी और पेंटिंग में भी उसकी विशेष रुचि और दक्षता है।

उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनाटिक्कर की प्रधानाचार्य एवं क्लस्टर प्रमुख संगीता भट्टी ने भी इस सफलता पर शमलाटी मझगांव विद्यालय के शिक्षकों और सारांश के अभिभावकों को बधाई देते हुए छात्र को भविष्य में और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में भी राजकीय माध्यमिक विद्यालय शमलाटी मझगांव से दो विद्यार्थियों ने नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा, जबकि एक छात्रा ने नौवीं कक्षा की नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

ये भी पढ़ें:  अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : ब्रह्माकुमारीज केंद्र नाहन में महिलाओं के आध्यात्मिक, सामाजिक और मानसिक सशक्तिकरण पर जोर