शिलाई : जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिक्षा खंड रोनहाट में स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति को लेकर गठित समिति ने गुरुवार को चार विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सात कमरों की हालत अत्यंत जर्जर पाई गई, जिन्हें असुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संयुक्त निरीक्षण में शिक्षा उपनिदेशक एलिमेंट्री राजीव ठाकुर, शिक्षा खंड अधिकारी रोनहाट नीलम ठाकुर, हिमाचल लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल ठाकुर, समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता मोहन सिंगटा, संबंधित पाठशालाओं के एसएमसी अध्यक्ष और पाठशाला प्रभारी सहित कार्यालय अधीक्षक गगनदीप उपस्थित रहे। समिति ने स्कूल भवनों की स्थिति का मौके पर जाकर विस्तृत निरीक्षण किया।
शिक्षा उपनिदेशक एलीमेंट्री राजीव ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक पाठशाला हकायना में दो कमरों, राजकीय प्राथमिक पाठशाला बोंच में दो कमरों, राजकीय प्राथमिक पाठशाला अजरोली में एक कमरे और राजकीय प्राथमिक पाठशाला जरवा में दो कमरों की हालत बेहद जर्जर पाई गई। समिति ने संयुक्त निरीक्षण के बाद इन सभी कमरों को असुरक्षित घोषित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट निदेशक स्कूल शिक्षा हिमाचल प्रदेश को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद इन जर्जर कमरों को गिराया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार नए कमरों के निर्माण के लिए बजट की मांग की जाएगी।



