बद्दी : हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय के आदेशों की अनुपालना में पुलिस जिला बद्दी में लगभग 32 वर्ष का सेवाकाल पूर्ण कर चुके 13 पुलिस जवानों को पदोन्नति प्रदान की गई है। लंबे समय से विभाग में निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे इन जवानों को मानद मुख्य आरक्षी से मानद सहायक उप-निरीक्षक (Honorary ASI) के पद पर पदोन्नत किया गया है, जिन्हें अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान मिला।

पुलिस विभाग में लंबे सेवाकाल के दौरान अनुशासित कार्यशैली और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले इन 13 कर्मचारियों की पदोन्नति न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का सम्मान है, बल्कि विभाग के अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही है। पदोन्नत किए गए जवानों में मानद मुख्य आरक्षी गुरमेल सिंह-119, गिरधारी लाल-251, पवन कुमार-252, संजीव कुमार-269, सुरजीत सिंह-114, धर्मवीर-221, अशोक कुमार-139, चंचल कुमार-234, ओमकार सिंह-244, हाकम राम-238, अवतार सिंह-151, मानद मुख्य आरक्षी चालक सतपाल-164 और मानद मुख्य आरक्षी बलजीत सिंह-111 शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने पदोन्नत सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि इन कर्मचारियों ने हमेशा पुलिस विभाग में निष्ठावान सेवाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पदोन्नति के बाद ये सभी जवान और अधिक उत्साह और जिम्मेदारी के साथ पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देंगे और पुलिस जिला बद्दी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में प्रभावी योगदान निभाएंगे।



