HomeHimachalसिरमौर में 17 दिन में डेंगू के 18 केस, रोजाना आ रहे...

सिरमौर में 17 दिन में डेंगू के 18 केस, रोजाना आ रहे मामले, ये लक्षण दिखें तो पहुंचें अस्पताल

कूलर, गमले आदि का पानी रोज बदलते रहें। यदि पानी की जरूरत न हो, तो कूलर आदि को खाली करके सुखाएं। ऐसे कपड़े पहनें, जो शरीर के अधिकतम हिस्से को ढक सकें।

नाहन : जिला सिरमौर में डेंगू ने दस्तक दे दी है। मेडिकल कॉलेज नाहन में अब तक डेंगू के 18 मामले सामने आ चुके हैं। डेंगू के मामलों का ये आंकड़ा 2 अगस्त से लेकर 18 अगस्त तक का है। रोजाना मरीज अपने इलाज के लिए अस्पताल में पहुंच रहे हैं।

बता दें कि जिले में पिछले साल डेंगू का आंकड़ा 1800 को पार कर गया था। हालांकि, इस साल अभी तक जिला में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है, लेकिन फिर भी स्वास्थ्य विभाग इस दिशा में पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। लोगों को इस दिशा में लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।

मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन डेंगू की टेस्टिंग की जा रही है। 2 अगस्त से अब तक 17 दिनों में एक ही दिन में सबसे अधिक 5 मामले सामने आए हैं, जबकि अन्य दिनों में 1, 2 या फिर 3 केस ही सामने आए हैं।

ये भी पढ़ें:  सोलन में हिंदी प्रवक्ताओं ने किया संवाद, 6 दिन चला क्षमता संवर्धन कार्यक्रम

डेंगू की दस्तक को देखते हुए नगर परिषद नाहन ने शहर के विभिन्न वार्डों में डेंगू से बचाव को लेकर फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया है। पिछले कई दिनों से अलग-अलग हिस्सों में नगर परिषद के कर्मचारी फॉगिंग कर रहे हैं, ताकि डेंगू से बचाव हो सके।

ये लक्षण दिखें तो तुरंत करें डॉक्टर से संपर्क
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तेज ठंड लगना, बुखार आना, सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द होना, बदन दर्द व जोड़ों में दर्द, जी मचलना व उल्टी होना, गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आना आदि डेंगू के लक्षण हैं। लिहाजा, इस स्थिति में मरीज तुरंत अस्पताल पहुंच चिकित्सक से संपर्क करें।

ये भी पढ़ें:  भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के पंजीकृत कामगारों को हिमकेयर योजना का लाभ प्रदान करने के निर्देश

इन आसान उपायों से बचाव संभव
डेंगू से बचाव के लिए जरूरी है कि घर एवं घर के आसपास पानी एकत्रित न होने दें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि घर में बर्तनों आदि में पानी भरकर रखना है तो ढककर रखें। यदि जरूरत न हो, तो बर्तन खाली कर या उल्टा करके रख दें।

कूलर, गमले आदि का पानी रोज बदलते रहें। यदि पानी की जरूरत न हो, तो कूलर आदि को खाली करके सुखाएं। ऐसे कपड़े पहनें, जो शरीर के अधिकतम हिस्से को ढक सकें। मच्छर रोधी क्रीम, स्प्रे, लिक्विड, इलेक्ट्रोनिक मैट आदि का प्रयोग मच्छरों से बचाव के लिए करें।

क्या कहते हैं अधिकारी?
मेडिकल कॉलेज नाहन की एमएस डा. संगीत ढिल्लों ने बताया कि इस माह अब तक डेंगू के 18 मामले सामने आए हैं। डेंगू के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। सावधानी से ही बचाव संभव है।

ये भी पढ़ें:  चूड़धार में 5 माह बाद वैशाख संक्रांति पर खुलेंगे शिरगुल महाराज मंदिर के कपाट, एक मई से हटेगी यात्रा पर प्रशासनिक रोक

वहीं, सीएमओ डा. अमिताभ जैन ने बताया कि जिला में जून से लेकर अब तक 35 मामलों में डेंगू की आशंका है, जिन्हें एलाइजा टेस्ट करवाने के लिए कहा गया है। डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। डेंगू से निपटने के लिए अस्पतालों में सभी पुख्ता इंतजाम है।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More