HomeHimachalलापरवाही : सिरमौर के इस स्कूल के लिए सरकार ने किया प्रवक्ता...

लापरवाही : सिरमौर के इस स्कूल के लिए सरकार ने किया प्रवक्ता का डेपूटेशन पर अब तक नहीं दी तैनाती, जारी हुआ नोटिस

इससे न केवल स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि सरकार के आदेशों की भी अवहेलना हो रही है। हालांकि, इस मामले में विभाग अब शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कह रहा है, लेकिन इतना जरूर है कि कहीं न कहीं विभागीय लापरवाही भी सामने आ रही है।

नाहन : जिला सिरमौर के शिक्षा विभाग में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 4 जून को कोलर स्कूल में तैनात एक प्रवक्ता के ऑर्डर डेपूटेशन पर धारटीधार इलाके के सीनियर सैकेंडरी स्कूल बाड़थल मधाना के लिए हुए थे। हैरानी इस बात की है कि शिक्षक ने आज तक स्कूल में ज्वाइन ही नहीं किया है।

इससे न केवल स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि सरकार के आदेशों की भी अवहेलना हो रही है। हालांकि, इस मामले में विभाग अब शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कह रहा है, लेकिन इतना जरूर है कि कहीं न कहीं विभागीय लापरवाही भी सामने आ रही है।

दरअसल, कोलर स्कूल से कंप्यूटर साइंस विषय के एक प्रवक्ता को डेपूटेशन पर भेजा गया था। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रवक्ता को हफ्ते के पहले तीन दिन बाड़थल मधाना स्कूल में सेवाएं देनी थीं।

ये भी पढ़ें:  नाहन के चौगान में हिंदू एकता का विराट संगम, शताब्दी वर्ष में गूंजा सांस्कृतिक और वैचारिक संदेश

हालांकि, हफ्ते के अंतिम तीन दिन यानी वीरवार, शुक्रवार और शनिवार को ये शिक्षक कोलर स्कूल में तो सेवाएं दे रहा है, लेकिन सोमवार, मंगलवार और बुधवार को शिक्षक की उपस्थिति न तो कोलर स्कूल में दर्ज है और न ही वह डेपूटेशन पर बाड़थल मधाना स्कूल में पहुंचा।

विभाग इस मामले में तब हरकत में आया, जब बाड़थल मधाना पंचायत के वार्ड मेंबर एवं एस.एम.सी. प्रधान कुलदीप सिंह ठाकुर और कमलेंद्र सिंह ठाकुर ने इसकी जानकारी शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग के उपनिदेशक को दी। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि डेपूटेशन आदेश जारी होने के बाद शिक्षक ने एक बार भी स्कूल में अपनी हाजिरी नहीं दी है।

ये भी पढ़ें:  सोलनाइट स्नूकर अकादमी में पहले दिन हुए 8 मैच, हरीश ने निशांत को हरा जीता पहला मैच

पहले ही स्कूल में शिक्षकों का भारी टोटा है। इससे स्कूल में पढ़ रहे बच्चों का भविष्य अंधकार में है। उन्होंने कहा कि विभाग को भी इसकी जानकारी नहीं है कि शिक्षक यदि तीन दिन कोलर स्कूल में सेवाएं दे रहा है तो तीन दिन उसकी उपस्थिति कहां दर्ज हो रही है।

उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में वह हाल ही में शिमला में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से भी मिले थे और इसकी जानकारी दी। उन्होंने विभाग और सरकार से इस मामले की गहनता से जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

उधर, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक डॉ. हिमेंद्र बाली ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

ये भी पढ़ें:  युवती पर झपटा पालतू कुत्ता, कपड़े फाड़े, बांधकर रखने के लिए मालिक को कहा तो कर दी पिटाई, केस

वहीं, संबंधित शिक्षक ने बताया कि वह अपने खराब स्वास्थ्य और पारिवारिक कारणों से डेपूटेशन पर स्कूल में नहीं जा सके। कोलर स्कूल में वह सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि ये स्कूल काफी दूर होने के कारण भी वह ज्वाइन करने में असमर्थ रहे हैं।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More