राजगढ़ : पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत राजगढ़ डिटेक्शन सेल की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ धर दबोचा है। पुलिस ने युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजगढ़ डिटेक्शन सेल की टीम गश्त पर थी। इस दौरान टीम गिरिपुल के पास मौजूद थी तो मुख्य सड़क के नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति छिपकर बैठा हुआ दिखाई दिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम मनोज निवासी गांव रनवा, डाकघर व उपतहसील हरिपुरधार, जिला सिरमौर बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक इंसुलिन इंजेक्शन और 1.19 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
