HomeHimachalड्रग पैडलर्स के खिलाफ तैयार होगा एक्शन प्लान, सलाखें ही इनकी सबसे...

ड्रग पैडलर्स के खिलाफ तैयार होगा एक्शन प्लान, सलाखें ही इनकी सबसे उपयुक्त जगह

हिमाचल प्रदेश पुलिस के एडीजीपी जेपी सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस एक्शन प्लान के तहत लोगों को भी बड़े स्तर पर जागरूक किया जाए, ताकि नशा तस्करों को पकड़ने में और अधिक कामयाबी मिल सके.

नाहन : नशे का बढता कारोबार खासकर चिट्टा इस समय समाज के लिए सबसे अधिक चिंता का विषय बन गया है. यदि हर व्यक्ति ने इसके खिलाफ अभियान नहीं छेड़ा तो यह कब खुद के ही घर में काबिज हो जाए, इससे भी इनकार नहीं किया जा सकता. इसलिए इसके खात्मे के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है.

ये बात सोमवार को नाहन पहुंचे हिमाचल पुलिस के एडीजीपी जेपी सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कही. इससे पूर्व उन्होंने एसपी सिरमौर एनएस नेगी की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और समस्त थाना के एसएचओ की बैठक ली.

इस दौरान एडीजीपी ने 3 राज्यों की सीमाओं के साथ सटे जिला सिरमौर में नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए. साथ ही अपराध की रोकथाम सहित अन्य कुछेक मामलों में भी उचित दिशा निर्देश जारी किए गए. करीब पौने घंटे तक चली इस बैठक के बाद एडीजीपी जेपी सिंह मीडिया से भी रूबरू हुए.

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में करवट लेगा मौसम, 5 जिलों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, जानें पूरा अपडेट

जेपी सिंह ने कहा कि वर्तमान में चिट्टे का नशा सबसे बड़ी चुनौती बन गया है. इस पर तेजी के साथ शिकंजा कसने के लिए उन्होंने एसपी सिरमौर को एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि समाज को खोखला कर युवा पीढ़ी को बर्बाद करने में जुटे इन ड्रग पैडलर्स को इनकी सही जगह यानी सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके.

साथ ही इस एक्शन प्लान के तहत लोगों को भी बड़े स्तर पर जागरूक किया जाए, ताकि नशा तस्करों को पकड़ने में और अधिक कामयाबी मिल सके.

उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिला पुलिस ने विभिन्न पुलिस थानों के अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट के तहत 35 मामलों में 50 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है. उन्होंने इसके लिए जिला पुलिस अधिकारियों की पीठ भी थपथपाई. साथ ही हाल ही में पांवटा साहिब उपमंडल में 323 ग्राम चिट्टे की बड़ी खेप के साथ दबोचे गए 2 आरोपियों के मामले में भी पुलिस की सराहना की.

ये भी पढ़ें:  बौद्ध भिक्षु ने साकार किया झुग्गी वालों का 'घर' का सपना

उन्होंने बताया कि इतनी अधिक मात्रा में पकड़े गए चिट्टे के केस की गंभीरता को देखते हुए भी वह यहां पहुंचे हैं. इस पूरे मामले की पुलिस गहनता से जांच कर रही है. मामले से जुड़ी जानकारी जांच के बाद ही साझा की जाएगी.

एडीजीपी ने कहा कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि हाई स्कूल और कॉलेज स्तर पर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों बारे जागरूक किया जाए. कम से कम सप्ताह के एक दिन पुलिस अधिकारी हर थाना व चौकी स्तर पर शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर जागरूकता फैलाएं.

उन्होंने कहा कि कैमिकल नशा समाज के लिए अब बड़ी चुनौती है. लिहाजा, इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ-साथ समाज के हर व्यक्ति को भी अपना नैतिक दायित्व सुनिश्चित करना होगा.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More