HomeHimachalबड़ा अपडेट : सिरमौर में मातम में बदलीं माघी पर्व की खुशियां,...

बड़ा अपडेट : सिरमौर में मातम में बदलीं माघी पर्व की खुशियां, भीषण अग्निकांड में 3 मासूम समेत 6 की मौत, 4 घर जले, 3 मवेशी भी मरे

इस दर्दनाक हादसे में चार रिहायशी मकान जल गए। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी नौहराधार में भर्ती कराया गया है। माघी पर्व की रात हुई हृदय विदारक घटना से समूचे गिरिपार इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

नौहराधार : जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह की नौहराधार तहसील के घंडुरी के समीप तलांगना गांव में वीरवार तड़के करीब 3 बजे हुए भीषण अग्निकांड में एक परिवार के 3 मासूम बच्चों समेत 6 लोगों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में चार रिहायशी मकान जल गए। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी नौहराधार में भर्ती कराया गया है। माघी पर्व की रात हुई हृदय विदारक घटना से समूचे गिरिपार इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस थाना संगड़ाह, पुलिस चौकी नौहराधार और पुलिस चौकी हरिपुरधार से पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पाया गया कि इंद्रा देवी (55) पत्नी स्व. यशवंत सिंह निवासी गांव तलांगना, विजय सिंह (70) पुत्र नेत्र सिंह निवासी गांव तलांगना, भीम सिंह (58) पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी गांव तलांगना और मीन सिंह (65) पुत्र अतर सिंह निवासी गांव तलांगना के मकान इस अग्निकांड की चपेट में आ गए।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल पूर्ण साक्षर राज्य घोषित, CM बोले- सरकार के प्रयासों से प्रदेश ने हासिल की 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर

पुलिस के अनुसार माघी पर्व पर इंद्रा देवी के घर उनके रिश्तेदार मेहमान के रूप में ठहरे हुए थे। इनमें नरेश कुमार (50) पुत्र दुर्गा राम, निवासी गांव व डाकघर टपरोली, तहसील नौहराधार, उनकी पत्नी तृप्ता देवी (44), कविता देवी (36) पत्नी लोकेंद्र सिंह निवासी गांव कुमड़ा, तहसील नेरवा, जिला शिमला और उनके बच्चे कृतिका (13), सारिका (10) और कार्तिक (3) भी शामिल थे।

इस भीषण अग्निकांड में इन सभी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान कविता देवी के पति लोकेंद्र सिंह (42) पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी गांव विजर, डाकघर देवत, तहसील नेरवा, जिला शिमला गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस को दिए बयान में लोकेंद्र ने बताया कि रात के समय सभी लोग भोजन कर सो गए थे। तड़के करीब 3 बजे कमरे में धुआं फैल गया और रसोईघर में धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई। इस दौरान उनके मुंह, हाथ और टांगें झुलस गईं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल के सैनिक स्कूल में भड़की आग, मची अफरा-तफरी

जानकारी ये भी मिली है कि अग्निकांड की चपेट में इंद्र देवी की पशुशाला भी आ गई, जिसमें 2 गाय और 1 बछड़ी जलकर मर गई। पुलिस मौके पर हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। जले शवों को निकाला जा रहा है। इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More