बिलासपुर : भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) बिलासपुर में आवासीय योजना के अंतर्गत चयन परीक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। यह चयन परीक्षण वर्ष 2025-26 के लिए केवल लड़कों के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।

भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) बिलासपुर के प्रभारी विजय प्रकाश नेगी बताया कि चयन परीक्षण मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) एवं कबड्डी खेल के लिए आयोजित होंगे। यह परीक्षण 19 एवं 20 फरवरी, 2026 को भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में संपन्न होंगे। चयन प्रक्रिया आवासीय योजना के अंतर्गत की जाएगी, जिसमें चयनित प्रशिक्षुओं को विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इन चयन परीक्षणों के लिए 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी पात्र होंगे, जबकि 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों को अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल प्रमाण पत्र और हाल ही की तीन पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।
उन्होंने बताया कि पात्र एवं इच्छुक खिलाड़ी 19 फरवरी, 2026 को सुबह 8 बजे निर्धारित स्थल पर उचित खेल वेशभूषा में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। मेधावी चयनित प्रतिभागियों को चयन की सूचना पृथक रूप से प्रदान की जाएगी। आवासीय योजना के अंतर्गत चयनित प्रशिक्षुओं को निःशुल्क आवास एवं भोजन, शिक्षा शुल्क, चिकित्सा सुविधा, प्रतियोगिता प्रदर्शन, बीमा, खेल किट सहित अन्य सुविधाए भारतीय खेल प्राधिकरण की एसटीसी योजना के मानकों के अनुसार उपलब्ध करवाई जाएंगी। चयन परीक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार का टीए/डीए देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी दूरभाष संख्या 01978-222405 पर संपर्क कर सकते हैं।



