होमHimachalChambaचुराह के बैरागढ़ में CM सुक्खू का ऐलान; 182 महिलाओं को मिलेंगे...

चुराह के बैरागढ़ में CM सुक्खू का ऐलान; 182 महिलाओं को मिलेंगे ₹1,500 प्रतिमाह, अगले सत्र से खुलेगा CBSE स्कूल

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू गत रात चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बैरागढ़ के देहग्रां पहुंचे।

चंबा : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू गत रात चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बैरागढ़ के देहग्रां पहुंचे।

राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों, महिला मंडलों और युवक मंडलों के साथ सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की वास्तविक समस्याओं और वहां की भौगोलिक परिस्थितियों को करीब से समझना है। इन्हीं जानकारियों के आधार पर बजट में आवश्यक बदलाव कर विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं।

सीएम सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गांवों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा को सतत् आजीविका के प्रमुख साधन के रूप में भी चिन्हित किया है। होम-स्टे स्थापित करने, उनका विस्तार अथवा उन्नयन के लिए 5 करोड़ रुपये तक के निवेश पर प्रदेश सरकार द्वारा 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान प्रदान किया जा रहा है।

680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्ट-अप स्वरोजगार सौर ऊर्जा योजना के तहत निजी भूमि पर 100 किलोवाट से 2 मेगावाट तक के सोलर पैनल लगाने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में 5 प्रतिशत और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में 4 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान किया गया है।

ये भी पढ़ें:  चंबा में क्रेच कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 21 पदों पर भर्ती, 4 अगस्त तक करें आवेदन, 12 को होंगे साक्षात्कार

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ग्रामीण क्षेत्रों में 250 किलोवाट से 1 मेगावाट तक का सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए बैंक से ऋण लेता है, तो उस पर लगने वाले 9 प्रतिशत ब्याज में से 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के अवसर सृजित करना है।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 300 यूनिट निःशुल्क बिजली तथा स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

इस योजना से बैरागढ़ की 182 महिलाओं को 1500-1500 प्रतिमाह वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही बैरागढ़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को अगले सत्र से सीबीएसई सम्बद्ध करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांग पत्र लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त सभी जायज जन-शिकायतों का निपटारा त्वरित और समयबद्ध तरीके से किया जाए। दुर्गम और पिछड़े माने-जाने वाले चुराह क्षेत्र के देहग्रां में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर स्थानीय जनता, महिलाओं और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया और पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के इस खिलाड़ी ने थाईलैंड में चमकाया भारत का नाम, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाई बड़ी उपलब्धि

इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व विधायक सुरेन्द्र भारद्वाज, कांग्रेस के महासचिव यशवंत खन्ना, हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली भटट, कांग्रेस नेता प्रकाश बटाली, ब्लाक कांग्रेस प्रधान भूपिंदर ठाकुर और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

सीएम ने देहग्रां के राम कृष्ण तिवारी के घर गुजारी रात, चखा पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद
चंबा जिला के दुर्गम क्षेत्र चुराह के देहग्रां में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आम जनता के बीच अपनों की तरह पहुंचकर लोगों का दिल जीत लिया। गत रात्रि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने देहग्रां के राम कृष्ण तिवारी के घर न केवल रात गुजारी, बल्कि पारंपरिक पहाड़ी भोजन का लुत्फ भी उठाया।

राम कृष्ण तिवारी के परिवार ने मुख्यमंत्री के लिए खास तौर पर मक्की की रोटी, सरसों का साग और स्थानीय पारंपरिक गेहंू के लड्डू ‘ऐहण’ तैयार किए थे, जिसे मुख्यमंत्री ने बड़े चाव से खाया।

मुख्यमंत्री के इस प्रवास से प्रसन्न राम कृष्ण तिवारी ने कहा कि हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि पूरे सूबे के मुखिया हमारे छोटे से घर में आएंगे, हमारे साथ बैठेंगे और रात गुजारेंगे। यह हमारे पूरे परिवार के लिए जीवन का सबसे गौरवशाली क्षण है।

ये भी पढ़ें:  उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का तीन दिवसीय सिरमौर प्रवास तय, जानें कार्यक्रमों का शेड्यूल

उनका कहना है कि इससे पहले कोई मुख्यमंत्री इस दूरदराज के गांव में नहीं आया। सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस सुदूर गांव में रात बिताने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिससे स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है।

परिवार के अन्य सदस्यों चेतना तिवारी व विनीत तिवारी ने भी कहा कि सच में मुख्यमंत्री आम जनता के जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके इस प्रवास से क्षेत्रवासियों में उत्साह का संचार हुआ है। उनका कहना है कि उनके घर में मुख्यमंत्री का एक रात्रि का प्रवास दिवाली की तरह खुशियां लेकर आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का उनके घर पर रात्रि विश्राम के लिए आभार भी व्यक्त किया।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More