डीसी मुकेश रेपसवाल ने बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर का किया लोकार्पण

डीसी मुकेश रेपसवाल ने बुधवार को राष्ट्रीय जल विद्युत निगम (एनएचपीसी) की विद्युत परियोजना चमेरा–II के सौजन्य से निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत रेड क्रॉस संस्था को उपलब्ध करवाई गई स्वचालित बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन का लोकार्पण किया।

0

चंबा : डीसी मुकेश रेपसवाल ने बुधवार को राष्ट्रीय जल विद्युत निगम (एनएचपीसी) की विद्युत परियोजना चमेरा–II के सौजन्य से निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत रेड क्रॉस संस्था को उपलब्ध करवाई गई स्वचालित बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख चमेरा चरण–द्वितीय एवं तृतीय अजय श्रीवास विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डीसी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि राष्ट्रीय जल विद्युत निगम द्वारा जिला चंबा के लिए 18 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि से पांच स्वचालित बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं। इन उपकरणों को चंबा, सलूणी, तीसा, चुवाड़ी और डलहौजी में स्थापित किया गया है। इन अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से एक साथ लगभग 40 सैंपलों की जांच की जा सकती है। इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा।

ये भी पढ़ें:  CM सुक्खू बोले- शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेंगे अनाथ बच्चे, प्रतिष्ठित स्कूलों में दाखिला कर सरकार संवार रही भविष्य

डीसी ने एनएचपीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक कल्याण से संबंधित कार्यों में सहयोग की अपेक्षा जताई। एनएचपीसी के परियोजना प्रमुख अजय श्रीवास ने जिला प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने जिले के विकास के प्रति निगम की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में सीएसआर के अंतर्गत किए जाने वाले व्यय में जिला चंबा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सचिव जिला रेड क्रॉस ऋषभ ठाकुर, एनएचपीसी की ओर से वित्त परियोजना प्रमुख अमित बंसल, उप महाप्रबंधक मानव संसाधन जनेश कुमार तथा सहायक प्रशासनिक अधिकारी कल्याण सिंह राणा उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  ASI संदीप कुमार का पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, पुलिस विभाग में शोक की लहर